छठ महापर्व को लेकर रांची जिला प्रशासन अलर्ट, डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने किया विभिन्न घाटों का निरीक्षण

SHARE:

रांची, 11 नवंबर 2026। छठ महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने बुधवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पूजा समितियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटनिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सुरक्षा, पेयजल और आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

तीन फीट की गहराई के बाद होगी बैरिकेडिंग

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि घाटों पर पानी की तीन फीट गहराई के बाद बैरिकेडिंग की जाए, ताकि श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित सीमा से आगे नहीं जा सकें। इसके अलावा खतरनाक एवं गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर चेतावनी बोर्ड लगाने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक करने को कहा गया।

संवेदनशील घाटों पर तैनात रहेंगी NDRF और SDRF की टीमें

उपायुक्त ने बताया कि अत्यंत संवेदनशील घाटों पर NDRF और SDRF की टीमें तैनात रहेंगी। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार गोताखोरों, बचाव दल और आपातकालीन संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने को भी कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को किया जाएगा दुरुस्त

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को डस्ट डालकर समतल और सुगम बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित बिजली व्यवस्था, फिसलन वाले स्थानों को दुरुस्त करने और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा एवं सुविधाओं से संबंधित सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों और पूजा समितियों के बीच समन्वय पर जोर

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित विभागों, पुलिस प्रशासन और स्थानीय पूजा समितियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं और व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर प्रशासनिक एवं पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सिंह सहित पथ निर्माण, विद्युत विभाग एवं नगर निगम के पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य, वार्ड पार्षद और विभिन्न छठ घाट समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव भी मौजूद रहे।

जिला प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोक आस्था का यह महापर्व रांची में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *