हजारीबाग, 27 अक्टूबर 2026। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को दारू थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों के अनुसंधान और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन तथा फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
लंबित मामलों और वारंटों की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न संचिकाओं का जायजा लिया। उन्होंने लंबित कांडों, वारंटों और कुर्की से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इनके निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही, थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मादक पदार्थों के मामलों में कार्रवाई के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अवैध मादक पदार्थों से जुड़े लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षेत्र में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
बालू-कोयला तस्करी पर रोक लगाने का निर्देश
थाना क्षेत्र में अवैध बालू, कोयला तथा अन्य प्रकार की तस्करी पर रोक लगाने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण के साथ-साथ क्षेत्र में शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने को कहा।
अनुसंधान में तेजी लाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान दारू थाना में अनुसंधान के लिए लंबित सभी मामलों की समीक्षा कर उनका समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, आम नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय एवं संबंध बनाए रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण कायम रहे।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे उपस्थित
दारू थाना के निरीक्षण के दौरान विष्णुगढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फौजन अहमद, हजारीबाग सीसीआर के पुलिस उपाधीक्षक मो. एकरामुल हक, दारू अंचल के पुलिस निरीक्षक विमल लकड़ा, दारू थाना प्रभारी पु०अ०नि० मृत्युंजय कुमार सिंह सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





