रांची के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, 600–700 वाहन चालकों को किया गया जागरूक

SHARE:

राँची:-दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी में चला अभियान; नुक्कड़ नाटक, निःशुल्क हेलमेट वितरण और शपथ के जरिए दिया सुरक्षित यातायात का संदेश

रांची, 24 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रांची जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। परिवहन विभाग की ओर से दलादली चौक, तिलता चौक और ओरमांझी सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इस अभियान के दौरान वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान में परिवहन विभाग के सचिव श्री राजीव रंजन उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और राज्य के नागरिकों के जीवन की रक्षा करना सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता का उल्लेख करते हुए नागरिकों से यातायात नियमों को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

बिना हेलमेट चलने वाले 600–700 चालकों को किया जागरूक

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लगभग 600 से 700 वाहन चालकों को जागरूक किया गया। उन्हें हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि हेलमेट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण साधन है।

लोगों को जागरूक करने के लिए वाहन चालकों को माला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। साथ ही निःशुल्क हेलमेट और सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट वितरित किए गए। उपस्थित लोगों को यातायात नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

नुक्कड़ नाटक के जरिए समझाए सड़क सुरक्षा के नियम

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से हेलमेट नहीं पहनने, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने के दुष्परिणामों को दर्शाया गया। यमराज के पात्र के जरिए भी लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति प्रतीकात्मक और रोचक तरीके से जागरूक किया गया।

अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से बचने की अपील

अभियान के दौरान दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को सड़क पर सामान फैलाने, फुटपाथ पर अतिक्रमण करने और बड़े वाहनों को अनियमित रूप से पार्क करने से होने वाली परेशानियों के बारे में बताया गया। लोगों से सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने तथा वाहनों को निर्धारित स्थान पर पार्क करने की अपील की गई।

परिवहन सचिव ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का व्यक्तिगत और सामाजिक दायित्व है। सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मृत्यु से उसके परिवार को अपूरणीय क्षति होती है। इसलिए यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ दूसरों के जीवन की रक्षा करना आवश्यक है।

आगे भी जारी रहेंगे जागरूकता अभियान

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना, अवैध पार्किंग और सड़क अतिक्रमण पर अंकुश लगाना तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अखिलेश कुमार, मोटर वाहन निरीक्षक श्री राहुल सिद्धार्थ, आईटी असिस्टेंट सुश्री कविता कुमारी, सड़क सुरक्षा अभियंता श्री गौरव कुमार एवं श्री अभय कुमार, सड़क सुरक्षा मित्र श्री आशुतोष द्विवेदी तथा ट्रैफिक पुलिस के जवानों सहित परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *