मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन और अंतरराष्ट्रीय संथाल सरना धर्म सम्मेलन में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रण

SHARE:

रांची। मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में संथाल समाज के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी नवंबर माह में गिरिडीह और बोकारो में आयोजित होने वाले दो महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक महासम्मेलनों में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 4 और 5 नवंबर 2026 को मरांग बुरु, मधुबन, पीरटांड़, गिरिडीह में आयोजित होने वाले ‘मरांग बुरु धर्मगाढ़ महा सम्मेलन-2026’ तथा 22 से 24 नवंबर 2026 तक सोहराय कुनामी (कार्तिक पूर्णिमा) के अवसर पर टीटीपीएस, ललपनिया, बोकारो में आयोजित होने वाले ‘26th International Santal Socio-Sarna Religion Conference 2026’ की जानकारी दी।

आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर होगा मंथन

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि दोनों महासम्मेलनों में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी सरना धर्मावलंबी और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति, समृद्ध परंपराओं, रीति-रिवाजों और धार्मिक आस्था के संरक्षण के साथ संथाल समाज की एकता को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दोनों महासम्मेलनों के कार्यक्रमों की रूपरेखा से भी अवगत कराया।

आदिवासी विरासत के संरक्षण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए दोनों महासम्मेलनों के सफल आयोजन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आदिवासी संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जन-आस्था के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पूरी तरह समर्पित है। हमारी पहचान और अस्तित्व को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त एवं मरांग बुरु बचाओ मोर्चा के अध्यक्ष फागू बेसरा सहित हीरालाल मांझी, सोमई टुडू, महावीर मुर्मू, विष्णु किस्कू, सुरेश हेंब्रम, सुधीर बास्के, बबली सोरेन, भगवान किस्कू, शनिचर बेसरा, लादु मांझी, डॉ. डुमनी मयी मुर्मू, सोनाराम मांझी सहित संथाल समाज के कई गणमान्य सदस्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *