देवघर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र के सिंघवा में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 80 ग्राम गांजा और 10.77 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में देवघर नगर थाना कांड संख्या 452/2026, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक, देवघर को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के नीचे सिंघवा टोला और आसपास के इलाकों में राहुल कुमार महथा नामक व्यक्ति कथित रूप से अवैध मादक पदार्थों का कारोबार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के दौरान 24 अक्टूबर को सिंघवा स्थित एक एस्बेस्टस के मकान में मादक पदार्थों की बिक्री किए जाने की जानकारी मिली।
इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, देवघर श्री कुलदीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने संबंधित मकान में छापेमारी कर दो व्यक्तियों को पकड़ा। उनकी पहचान राहुल कुमार महथा उर्फ राहुल महथा (करीब 22 वर्ष), निवासी कालीबाड़ी चौक के पास, नगर थाना क्षेत्र, देवघर तथा राजीव कुमार सोनी (करीब 26 वर्ष), निवासी सिविल लाइन, नंदन पहाड़, नगर थाना क्षेत्र, देवघर के रूप में हुई।
तलाशी में मिले मादक पदार्थ
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान राहुल कुमार महथा के पास से प्लास्टिक के झोले में गांजा जैसा पदार्थ और 5.40 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ। वहीं, राजीव कुमार सोनी के पास से कागज में लिपटी 23 पुड़िया में 5.37 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ मिला। पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, कुल 1 किलो 80 ग्राम गांजा और 10.77 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई है।
राजीव कुमार सोनी का आपराधिक इतिहास
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में राजीव कुमार सोनी के खिलाफ पूर्व में दर्ज कई मामलों का उल्लेख किया गया है। इनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी, रेलवे एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ देवघर नगर थाना, जसीडीह रेल थाना और रिखिया थाना में विभिन्न कांड दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, देवघर श्री कुलदीप कुमार, नगर थाना प्रभारी पु०नि० रवि ठाकुर, पु०अ०नि० मिथलेश कुमार, पु०अ०नि० घनश्याम गंझू, पु०अ०नि० सूरज कुमार तथा नगर थाना रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B), 21(b) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





