रांची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में 23 अक्टूबर 2026 को समाहरणालय ब्लॉक-ए सभागार में वरीय पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक (Senior Officers Meeting–SOM) आयोजित की गई। बैठक में जिले की विभिन्न विकास योजनाओं, आगामी त्योहारों की तैयारियों और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा और जनसुविधाओं पर विशेष जोर
उपायुक्त ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगामी दीपावली, छठ और काली पूजा को भी बेहतर समन्वय, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने संबंधित विभागों को त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता और आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ सभी पात्र एवं योग्य लाभुकों तक पहुंचे। कोई भी योग्य लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों को पूरा करने पर जोर दिया।
लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा करें अधिकारी
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने निर्धारित कार्यों का बेहतर तरीके से निष्पादन सुनिश्चित करें। किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित नहीं रखा जाए। साथ ही, अधिकारी अपने अधीनस्थ पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए कार्यों की नियमित समीक्षा करें, ताकि प्रशासनिक कार्यकुशलता बनी रहे।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आम जनता के साथ अच्छा व्यवहार करने और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने का निर्देश दिया।
समय पर कार्यालय पहुंचने का निर्देश
उपायुक्त ने समाहरणालय में कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने कार्यालय पहुंचने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य जनहित को सर्वोपरि रखते हुए विकास कार्यों को गति देना और नागरिक सुविधाओं में निरंतर सुधार करना है।
बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण एवं समयबद्ध निर्देश दिए गए। इस दौरान जिले के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
The Ranchi News Scope की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
(DM for advertisements and news 9504248132 whatspp))FOL LOw For MORE reels & NEWS





