जी डी गोयनका स्कूल रांची में उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, समर्पण और नवाचार को मिला सम्मान

SHARE:

रांची। एक प्रगतिशील और संवेदनशील समाज के निर्माण की विकास यात्रा में एक शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक केवल ज्ञान का संचार नहीं करते, बल्कि वे समाज के प्रहरी, पथप्रदर्शक और नई पीढ़ी के चरित्र-निर्माता भी होते हैं। उनके साहस, धैर्य, समर्पण और निरंतर प्रयासों के प्रति समाज सदैव ऋणी रहता है ।

इसी भावना को सम्मान देने के उद्देश्य से जी डी गोयनका स्कूल, रांची में उन शिक्षकों के सम्मान में विशेष पुरस्कार उत्सव का आयोजन किया गया जिन्होंने पिछले दिनों विभिन्न प्रतिष्ठित शैक्षिक संस्थानों द्वारा अपनी उत्कृष्ट शैक्षिक दक्षता, नवाचार और समर्पण के लिए सम्मान प्राप्त किया है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में आर्मी वाइव्स एसोसिएशन की संयोजक श्रीमती मीनू शेखावत, पत्नी कर्नल अजय सिंह शेखावत, तथा मेजर राहुल शर्मा (सेना मेडल) आमंत्रित थे। विद्यालय के वाइस चेयरमैन श्री अमन सिंह, प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार एवं हेडमिस्ट्रेस सुश्री रुमा सेन गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

समारोह के दौरान सभी सम्मानित शिक्षकों को क्रमशः मंच पर आमंत्रित किया गया और मुख्य अतिथियों द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। अपने शिक्षकों को सम्मानित होते देखकर विद्यालय के विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और गर्व का भाव दिखाई दिया। प्रत्येक शिक्षक के मंच पर आते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठता।

सम्मान समारोह की शुरुआत जूनियर विंग की शिक्षिका सुश्री कामिनी तिवारी के सम्मान से हुई। उन्हें हाल ही में ‘60 सेकंड मैजिक रिकॉग्निशन अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया है।

इसके बाद जूनियर विंग की ही शिक्षिकाओं सुश्री सौम्या रुंकू एवं सुश्री रक्षा कश्यप को मंच पर आमंत्रित किया गया। दोनों शिक्षिकाओं ने छोटे बच्चों में रचनात्मक अभिरुचियों को विकसित करने तथा उनकी प्रतिभा को निखारने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके सम्मानित होने पर नन्हे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक तालियां बजाकर उनका अभिनंदन किया।

तत्पश्चात जूनियर विंग की शिक्षिका सुश्री पूजा कर्ण तथा सीनियर विंग की अंग्रेजी शिक्षिका सुश्री शनिग्धा सिंह को मंच पर आमंत्रित किया गया। दोनों शिक्षिकाओं को इस वर्ष के प्रतिष्ठित ‘गार्गी मंजू सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। उनके मंच पर पहुंचते ही विद्यार्थियों ने जोरदार तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

इसके बाद विद्यालय की कंप्यूटर शिक्षिका सुश्री भाग्यश्री झावर साबू को सम्मानित किया गया। उनके मंच पर आते ही विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था। सुश्री भाग्यश्री झावर साबू को रांची सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स की ओर से उत्कृष्ट शिक्षण के लिए प्रतिष्ठित ‘डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

समारोह का एक भावुक क्षण तब आया, जब मंच से विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस सुश्री रुमा सेन गुप्ता को सम्मानित करने की घोषणा की गई। घोषणा होते ही पूरा प्रांगण विद्यार्थियों की तालियों से गूंज उठा। सुश्री रुमा सेन गुप्ता को हाल ही में आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन, ईस्टर्न कमांड की ओर से ‘एक्सीलेंस अवार्ड 2025-26’ से सम्मानित किया गया है। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनका उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया।

विदित हो कि जी डी गोयनका स्कूल ने इंडियन आर्मी के प्रति पहले ही ये घोषित किया हुआ है कि अपने शहीद आर्मी कार्यकर्ताओं के बच्चों से फीस नहीं ली जाएगी l

इस अवसर पर अपने संबोधन में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि सम्मान मिलने के साथ ही हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा, “जब समाज हमारे कार्यों को सम्मान देता है, तब कर्तव्य के प्रति हमारी गंभीरता और बढ़ जानी चाहिए । यह सम्मान हमारे लिए उपलब्धि भर नहीं, बल्कि भविष्य में और अधिक समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। मुझे विश्वास है कि आने वाले वर्षों में हमारी टीम के अनेक और शिक्षक अपने उत्कृष्ट कार्यों से अपनी विशिष्ट पहचान बनाने में सफल होंगे।”

स्कूल के वाइस चेयरमैन अमन सिंह ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की वास्तविक पहचान उसके भवन या संसाधनों से नहीं, बल्कि उसके समर्पित और संवेदनशील शिक्षकों से ही होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *