रांची में नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई, 30 को चेतावनी; 5 वाहन जब्त

SHARE:

रांची, 28 सितंबर 2026। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सोमवार को जिले के विभिन्न इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर चलाए गए अभियान में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाने और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग के मामलों की जांच की गई।

जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने डीपीएस, केराली स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के बाहर जांच की। इस दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस दोपहिया वाहन चलाते मिले 30 नाबालिगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि 5 वाहन जब्त किए गए।

अधिकारियों ने नाबालिगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

पांच सीट वाले वाहन में 12-14 बच्चों को बैठाया

स्कूली बच्चों के परिवहन में भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। जांच के दौरान कुछ ऐसे वाहन मिले, जिनमें निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक बच्चों को बैठाकर स्कूल लाया-ले जाया जा रहा था। पांच सीट वाले वाहनों में 12 से 14 विद्यार्थियों के परिवहन के मामले सामने आने पर चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

प्रशासन ने वाहन चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने का निर्देश दिया। स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों से भी बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई।

बुंडू टोल प्लाजा के पास भारी वाहनों की जांच

इधर, बुंडू टोल प्लाजा के समीप एनएच पर भी जांच अभियान चलाया गया। यहां भारी वाहनों द्वारा की जा रही अनधिकृत पार्किंग की जांच कर यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया गया।

जिला प्रशासन ने कहा कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नाबालिगों के वाहन चलाने, स्कूली वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जांच एवं कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

अभियान में एमवीआई बिमल किशोर, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार, संबंधित यातायात थाना प्रभारी समेत परिवहन एवं यातायात विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *