रांची में आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश

SHARE:

रांची, 10 सितंबर 2026: आगामी गणेश चतुर्थी, करम पर्व, दुर्गापूजा, दीपावली, छठ और काली पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक हुई, जिसमें विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और विसर्जन व्यवस्था की समीक्षा की गई।

पंडाल निर्माण में सुरक्षा पर विशेष जोर

उपायुक्त ने पूजा समितियों को पंडाल निर्माण के दौरान सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। पंडाल में प्रवेश और निकास के पर्याप्त रास्ते, आपातकालीन निकासी, सुरक्षित विद्युत वायरिंग और अग्निशमन उपकरण की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिजली के खंभे, ट्रांसफॉर्मर या अन्य विद्युत संरचनाओं से सटाकर पंडाल अथवा तोरण द्वार का निर्माण नहीं किया जाए। बिजली विभाग को नियमित निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने को कहा गया।

विसर्जन वाहनों की होगी जांच

विसर्जन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए हैं। पूजा समितियों को निर्धारित विसर्जन मार्ग का ही इस्तेमाल करने को कहा गया है। विसर्जन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों की एमवीआई जांच, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच और नो-एल्कोहोल टेस्ट के बाद ही वाहन का उपयोग करने का निर्देश दिया गया। पूजा समितियों से इस संबंध में अंडरटेकिंग भी लेने को कहा गया है।

करम और छठ पर्व को लेकर विशेष तैयारी

करम पर्व के दौरान तालाबों एवं पूजा स्थलों पर संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम को साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन और जरूरत के अनुसार क्रेन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, छठ पर्व को लेकर सभी घाटों की समय पर सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था करने को कहा गया है। अधिक भीड़ वाले घाटों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।

दीपावली में पटाखों और यातायात पर नजर

दीपावली के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन पटाखों की बिक्री और उपयोग से संबंधित निर्धारित गाइडलाइंस का पालन सुनिश्चित करेगा। प्रतिबंधित अथवा असुरक्षित पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर निगरानी रखी जाएगी।

साथ ही दीपावली में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को नियमित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट किया कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। असुरक्षित पंडाल निर्माण, विद्युत सुरक्षा में लापरवाही या विसर्जन के दौरान नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, एसडीओ सदर कुमार रजत समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *