रांची, 24 अगस्त 2026: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोक भवन, रांची में 18वीं वर्ल्ड अर्निस चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की।
नई दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 1 से 4 अगस्त 2026 तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। राज्यपाल ने सभी पदक विजेताओं को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक हासिल करना खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों से आगे भी इसी समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश और झारखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कोच विश्वजीत कुमार के साथ लखन उराँव, आरित उराँव, अध्विक उराँव, ईशान भगत और कुमकुम विश्वकर्मा सहित अन्य खिलाड़ी उपस्थित रहे।






