जनता दरबार में डीसी ने सुनीं फरियाद, दिव्यांग को मिली इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल

SHARE:

रांची, 24 अगस्त 2026। समाहरणालय रांची में आयोजित जनता दरबार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया।

जनता दरबार में दिव्यांग कार्तिक खलखो ने आवागमन में हो रही परेशानी और आर्थिक कठिनाइयों को देखते हुए इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल की मांग की। उपायुक्त ने तत्काल उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल प्रदान की। साथ ही दिव्यांगता पेंशन के लिए उनका आवेदन भी लिया गया।

इसके अलावा रातू प्रखंड के बानीपीड़ी निवासी दिव्यांग ने पीला राशन कार्ड रद्द किए जाने की आशंका को लेकर शिकायत की। डीसी ने संबंधित आपूर्ति कर्मी को तत्काल बुलाकर मामले की जानकारी ली और राशन कार्ड डिलीट नहीं करने का निर्देश दिया।

चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप के मामले में अनगड़ा प्रखंड की निर्मला इंदवार ने अपनी बहन की इलाज के दौरान मृत्यु की शिकायत की। डीसी ने सिविल सर्जन, रांची को पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया तथा आवेदिका को वरीय पुलिस अधीक्षक के समक्ष भी शिकायत प्रस्तुत करने को कहा।

वहीं सेवानिवृत्त आपूर्ति निरीक्षक बसंत कुमार साहू के सातवें वेतन आयोग के अनुरूप लंबित पेंशन पुनरीक्षण मामले में भी डीसी ने संबंधित कर्मी से जानकारी लेकर यथाशीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।

जनता दरबार में जमीन विवाद, पंजी-2 में सुधार, दोहरी जमाबंदी, दाखिल-खारिज, अवैध कब्जा और भू-माफियाओं से जुड़े कई मामले भी सामने आए। बुण्डू के जिला परिषद सदस्य की खतियानी जमीन पर बीएसएनएल टावर लगाए जाने की शिकायत पर संबंधित बीएसएनएल पदाधिकारी से पत्राचार कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया।

डीसी श्री भजन्त्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक आवेदन पर निष्पक्ष जांच, त्वरित कार्रवाई और समयबद्ध निष्पादन के साथ आवेदक को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *