देवघर में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

देवघर। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस ने 22 अगस्त 2026 को सारठ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर कथित रूप से साइबर ठगी में संलिप्त 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में की गई।

 

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सारठ क्षेत्र में कुछ लोग Flipkart/Amazon Pay कस्टमर केयर प्रतिनिधि, Google Pay/PhonePe/Paytm कस्टमर केयर और Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपियों को पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 मोबाइल फोन और 17 सिम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के संबंध में विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें मिलने की बात पुलिस ने कही है।

ऐसे करते थे ठगी

पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर लोगों को कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और उसके बाद ठगी करने का आरोप है।

आरोपियों पर Airtel Payment Bank के नाम पर भी ठगी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार वे Airtel Thanks ऐप के माध्यम से कार्ड बंद कर देने और सहायता के नाम पर उसे दोबारा चालू कराने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठते थे।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में निरंजन महरा (32), दीपक कुमार (21), आदर्श महरा (18), शुभम कुमार दास (19), राहुल कुमार दास (19), सौरभ कुमार दास (19), सुमित कुमार दास (18), कुन्दन दास (20) और उत्तम कुमार दास (29) शामिल हैं। सभी देवघर जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, सौरभ कुमार दास और राहुल कुमार दास पूर्व में क्रमशः देवघर साइबर थाना कांड संख्या 53/25 और 36/25 में भी आरोपित रहे हैं।

छापेमारी दल में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार मंडल, सारठ थाना प्रभारी दीपक कुमार साह तथा सारठ थाना की पुलिस टीम शामिल थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *