राँची:- कैंब्रियन पब्लिक स्कूल कांके रोड में बुधवार को दस करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरूकता एवं शपथ-ग्रहण सत्र का आयोजन किया गया। राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के मेडिकल विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का प्रतिनिधित्व प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय,रांची द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नशा मुक्त भारत विषय पर एक व्याख्यान से हुई, जिसमें नशे की लत के हानिकारक प्रभावों तथा स्वस्थ, मूल्य-आधारित एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा नशे की लत से जूझ रहे लोगों को इससे बाहर निकलने में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। मौके पर विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर ने कहा कि नशापन एक अभिशाप है।यह जीवन को अशांत और भविष्य को अंधकारमय बना देता है। उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों में युवा जिज्ञासा या फैशन के कारण नशापान के शिकार हो रहे हैं। मानसिक स्वास्थ्य और चारित्रिक बल से ही नशा मुक्ति संभव है। कार्यक्रम में एक संक्षिप्त ध्यान सत्र का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का समापन नशा मुक्ति प्रतिज्ञा के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन जीने तथा एक स्वस्थ एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एक सौ बीस बच्चों ने सामूहिक रूप से नशामुक्त भारत बनाने की प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रम का संचालन हेडगर्ल सौम्या राज ने किया।






