देवघर। जसीडीह थाना क्षेत्र के टाभाघाट-दर्दमारा मुख्य सड़क पर फर्जी GST पदाधिकारी बनकर 40.50 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और लैपटॉप लूटने के मामले का देवघर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना को लेकर वादी विक्रम चौधरी, उम्र 47 वर्ष, निवासी कोलकाता, वर्तमान पता झिंगाझाल, थाना चांदन, जिला बांका द्वारा 8 अगस्त 2026 को जसीडीह थाना में आवेदन दिया गया था। आवेदन के अनुसार अज्ञात स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने उनकी मोटरसाइकिल को जबरन रोक लिया और खुद को GST पदाधिकारी बताकर उन्हें तथा उनके साथ मौजूद कर्मचारी को रुपयों से भरे बैग सहित अगवा कर लिया। इसके बाद अपराधियों ने 40 लाख 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित अन्य सामान लूट लिया।
मामले में जसीडीह थाना कांड संख्या 269/2026, दिनांक 08.08.2026 के तहत BNS की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक, देवघर के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए कुमोद पोद्दार, संजय कुमार सिंह, शिव शंकर कुमार, घनश्याम यादव और विनोद प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने ये सामान किए बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन JH01BP-4780, दो मोबाइल फोन, दो प्लास्टिक के पुलिस डंडे, पुलिस लिखा लाल-नीले रंग का बोर्ड, 4.30 लाख रुपये नकद, वादी का क्षतिग्रस्त DELL लैपटॉप और एक अन्य मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार शिव शंकर कुमार के मोबाइल फोन में घटनास्थल से आरोपियों द्वारा मुक्त किए गए स्थान तक आने-जाने वाले रास्ते का मैप भी मिला है।
गिरफ्तार आरोपी
- कुमोद पोद्दार, 34 वर्ष, जमुई, बिहार
- संजय कुमार सिंह, 55 वर्ष, बांका, बिहार
- शिव शंकर कुमार, 28 वर्ष, बांका, बिहार
- घनश्याम यादव, 47 वर्ष, बांका, बिहार
- विनोद प्रसाद यादव, 38 वर्ष, जमुई, बिहार
पुलिस के अनुसार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। कुमोद पोद्दार के विरुद्ध दुमका, हलसी तेतरहट और देवघर नगर थाना में भी मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
देवघर पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।






