जी.डी. गोयनका स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस समारोह

SHARE:

रांची। जी.डी. गोयनका स्कूल, रांची के सुरम्य एवं प्राकृतिक वातावरण से सजे प्रांगण में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का भव्य एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में राष्ट्रप्रेम, उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन मदन सिंह द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने एवं उसे सलामी देने के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय के वाइस चेयरमैन अमन सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. सुनील कुमार तथा हेड मिस्ट्रेस सुश्री रुमासेन गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

तिरंगे को सलामी देने के पश्चात् विद्यालय के सीनियर क्लास के विद्यार्थियों ने अनुशासन, जोश और उत्साह से भरा शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मार्च पास्ट के दौरान जूनियर कक्षाओं के बच्चे और शिक्षकगण गर्व एवं रोमांच के साथ इस मनोहारी दृश्य को निहारते रहे। नन्हे बच्चों के हाथों में लहराते छोटे-छोटे तिरंगे और उनके गालों पर सजे तिरंगे के स्टिकर पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग रहे थे।

इसके पश्चात् विद्यालय में देशभक्ति गीतों पर आधारित संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के चारों हाउस के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम, समर्पण और देश के प्रति गौरव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

प्रतियोगिता में टेरेसा हाउस ने प्रथम स्थान, विवेकानंद हाउस ने द्वितीय स्थान तथा टैगोर हाउस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन मदन सिंह ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा, “बच्चों, आप हमारे देश का भविष्य हैं। लंबे संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद हमें यह स्वतंत्रता मिली है। इसकी रक्षा करने और इसे और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी आने वाले समय में आप ही के कंधों पर होगी। इसलिए खूब पढ़ें, खूब आगे बढ़ें, अपने सपनों को साकार करें, लेकिन अपने देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा भी अपने भीतर हमेशा जीवित रखें।”

उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “हमारे शिक्षक केवल बच्चों को शिक्षा नहीं दे रहे, बल्कि वे देश के भविष्य का निर्माण कर रहे हैं। इसलिए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ देशप्रेम, अनुशासन, जिम्मेदारी और समाज एवं राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता की भावना भी विकसित करें, ताकि हमारे बच्चे आगे चलकर देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकें।”

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सुनील कुमार ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र वातावरण में अपने परिवार, समाज और देश के बारे में सोचने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए स्वतंत्र हैं, उसके पीछे असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान है। उन्होंने कहा, “हमने यह स्वतंत्रता बड़ी कुर्बानियों के बाद प्राप्त की है। इसकी वास्तविक रक्षा तभी संभव है, जब हम सभी एकजुट होकर अपने देश की प्रगति और विकास के लिए निरंतर सोचें और सकारात्मक दिशा में कार्य करें।”

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय का पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, मार्च पास्ट और तिरंगे की शान ने समारोह को गरिमामय एवं यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *