स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

SHARE:

रांची। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले राजकीय समारोह को लेकर गुरुवार को फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की देखरेख में आयोजित रिहर्सल में स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया गया।

राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान परेड, सलामी और अन्य निर्धारित कार्यक्रमों का सटीक अनुकरण किया गया। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से संबंधित निर्धारित निर्देशों का भी अनुपालन किया गया।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री एवं एसएसपी राकेश रंजन ने परेड की सलामी ली और विभिन्न पार्टियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग

समारोह के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंचकर निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी तरह पालन करें।

उपायुक्त ने मुख्य अतिथियों के आगमन एवं निर्गमन की व्यवस्था समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं एसएसपी ने समारोह में आने वाले लोगों की सघन जांच करने तथा किसी भी अवांछित व्यक्ति या आपत्तिजनक सामग्री को समारोह स्थल में प्रवेश नहीं देने पर विशेष जोर दिया।

ड्रोन उड़ाने पर रोक

सुरक्षा के मद्देनजर मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान निजी स्तर पर ड्रोन से वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। केवल संबंधित विभाग द्वारा अधिकृत ड्रोन से वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी कराई जा सकेगी।

समारोह में शामिल होंगे ये प्लाटून

राजकीय समारोह में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, उड़ीसा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और एनसीसी के महिला एवं पुरुष प्लाटून शामिल होंगे। जैप-1, जैप-10 और झारखंड गृहरक्षा वाहिनी की बैण्ड पार्टियां भी समारोह में हिस्सा लेंगी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में फर्स्ट इन कमाण्ड के रूप में 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेन्द्र शर्मा रहेंगे, जो वर्तमान में रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं। सेकेंड इन कमाण्ड की जिम्मेदारी परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमित कुजूर संभालेंगे।

समारोह को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *