सरायकेला-खरसावां, 6 अगस्त 2026: झारखंड पुलिस, कोबरा-203, सीआरपीएफ और एसएसबी के संयुक्त अभियान में सरायकेला-खरसावां जिले में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर भारी मात्रा में हथियार, गोलियां और विस्फोटक सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में माओवादी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोज स्वर्गीयारी के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान सब-जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार को एक लोडेड AKM-47 रायफल, जिंदा कारतूस और वॉकी-टॉकी के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा से रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो तथा सब-जोनल कमांडर मीना पहाड़िया को भी गिरफ्तार किया गया। मीना पहाड़िया गिरफ्तार माओवादी रवि सिंह सरदार की पत्नी है।
गिरफ्तार माओवादियों की निशानदेही पर दलमा पहाड़ के आसनबनी क्षेत्र से पुलिस ने छिपाकर रखा गया एक इंसास रायफल, AKM-47 के 208 अतिरिक्त कारतूस और तीन बंडल कोडेक्स वायर (विस्फोटक) बरामद किए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पहले दलमा क्षेत्र में सक्रिय थे और हाल के दिनों में सारंडा क्षेत्र में पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण इस इलाके में बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस का दावा है कि ये सभी कुकड़ू में पुलिस बल पर हमले और हथियार लूट सहित दलमा क्षेत्र की कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं।
बरामद सामग्री
- AKM-47 रायफल – 1
- इंसास रायफल – 1
- AKM-47 मैगजीन – 2
- AKM-47 के कुल 361 जिंदा कारतूस
- 9 एमएम पिस्टल – 1
- 9 एमएम के 42 जिंदा कारतूस
- कोडेक्स वायर (विस्फोटक) – 3 बंडल
- मोटरोला वॉकी-टॉकी – 1
- पुलिस बेल्ट, टॉर्च, छाता
- एक पल्सर मोटरसाइकिल
इस संबंध में कांड्रा थाना कांड संख्या 18/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट, यूएपीए, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और सीएलए एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






