रांची: लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से YBN विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ की ओर से “Register as a Voter” विषय पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से मतदाता पंजीकरण, ई-EPIC डाउनलोड, मतदाता सूची में नाम खोजने तथा निर्वाचन आयोग की विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. दीप्ति भार्गव, डीएसडब्ल्यू डॉ. आरती गुप्ता, कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन की डीन डॉ. मांडवी राय तथा एनएसएस समन्वयक डॉ. कौशल किशोर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण संवैधानिक कर्तव्य भी है। उन्होंने सभी पात्र विद्यार्थियों से समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने और आगामी चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ECINET ऐप की विभिन्न सुविधाओं का लाइव डेमो भी दिया गया, जिससे वे स्वयं ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण और अन्य निर्वाचन सेवाओं का उपयोग कर सकें। वक्ताओं ने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य पात्र नागरिकों को भी मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन “Your Vote, Your Voice, Your Responsibility” के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं।






