महागामा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की 4 मोटरसाइकिल बरामद, खरीद-बिक्री करने वाला आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

गोड्डा, 2 अगस्त 2026। गोड्डा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के धंधे में शामिल था।

पुलिस अधीक्षक गोड्डा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने महागामा थाना क्षेत्र के समरी गांव स्थित अनिल यादव के घर पर छापेमारी की, जहां से बिना नंबर प्लेट और घिसे हुए चेसिस नंबर वाली एक चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अनिल यादव (22 वर्ष) ने चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर समरी गांव की एक झोपड़ी से चोरी की तीन अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं। इस तरह पुलिस ने कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

इस संबंध में महागामा थाना कांड संख्या-147/26 के तहत बीएनएस की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में वाहन चोरी और चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *