रांची: विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) 2026 के तहत एन्यूमरेशन चरण पूरा होने के बाद प्राप्त होने वाले दावा एवं आपत्ति (Claims & Objections) संबंधी आवेदनों के निष्पक्ष और समयबद्ध निष्पादन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रांची जिले के सभी सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचन निबंधक पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी (AERO), जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी बिवेक सुमन, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाकर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने कहा कि दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण चरण है, इसलिए प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी और विधिसम्मत तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने सभी निर्वाचन निबंधक एवं सहायक निर्वाचन निबंधक पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में दावा एवं आपत्ति से संबंधित विभिन्न मामलों के निष्पादन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, समय-सीमा के पालन तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कानूनी एवं प्रक्रियात्मक प्रावधानों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कहा कि रांची जिले की मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।






