रांची, 28 जुलाई: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में झारखंड मंत्रालय में परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच जमशेदपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि IDTR की स्थापना झारखंड के परिवहन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। इससे युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित ड्राइविंग प्रशिक्षण मिलेगा, उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी तथा सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित चालकों को तैयार करेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के लाभुकों से संवाद कर ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाइसेंस प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण और लाइसेंस प्रक्रिया में अधिक सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराएगी, ताकि वे कौशल विकास के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने बताया कि आज राज्य के 10 हजार से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग एवं लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही परिवहन विभाग को निर्देश दिया गया कि हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया भी अधिक सरल और पारदर्शी बनाई जाए।
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुआ, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, सचिव राजीव रंजन, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया, जनरल मैनेजर गोलम मंडल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।







