डीएसपीएमयू के छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न छात्र संगठनों ने कुलपति को सौंपा संयुक्त मांग पत्र, विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार तथा छात्र नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने पर बनी सहमति

SHARE:

राँची:- डीएसपीएमयू के छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न छात्र संगठनों ने कुलपति को सौंपा संयुक्त मांग पत्र, विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार तथा छात्र नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने पर बनी सहमति

रांची, 27 जुलाई 2026:
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), रांची के छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने आज कुलपति प्रो. राजीव मनोहर से मुलाकात कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार से संबंधित संयुक्त मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से लंबित छात्रहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक में विश्वविद्यालय में चल रहे पेन डाउन आंदोलन का शीघ्र समाधान कर नियमित पठन-पाठन एवं परीक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने, NET, Ph.D. एवं JRF से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का समयबद्ध निष्पादन, जिन विभागों में सीटों की कटौती की गई है वहाँ आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति एवं पदस्थापन, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू करने, विश्वविद्यालय के नियमों के विरुद्ध अन्य संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने, ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली (Grievance Redressal Mechanism) को प्रभावी बनाने तथा सूचना का अधिकार (RTI) के अंतर्गत मांगी गई सूचनाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने सहित कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।

वार्ता के दौरान विश्वविद्यालय प्रशासन एवं छात्र संगठनों के बीच सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक में विश्वविद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण एवं शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने, छात्रहित एवं विश्वविद्यालय हित से जुड़े विषयों पर नियमित सामंजस्य बैठक आयोजित करने तथा विभिन्न समस्याओं का आपसी संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर सहमति बनी।

बैठक में यह भी सहमति बनी कि विश्वविद्यालय द्वारा छात्र नेताओं पर दर्ज मामलों के संबंध में नियमानुसार उन्हें वापस लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इस महत्वपूर्ण वार्ता में आजसू छात्र संघ के प्रदेश प्रभारी हरीश सिंह के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज सहदेव, विश्वविद्यालय प्रभारी रवि, JCM के छात्र नेता कमलेश महतो, अरविंद बैठा, सचित रंजन, छात्र राजद के बबलू मंडल, AISA के छात्र नेता शालीन गोप सहित विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कुलपति प्रो. राजीव मनोहर, कुलसचिव धनंजय द्विवेदी, प्रोक्टर अजय चौधरी, डीएसडब्ल्यू डॉ. सर्वोत्तम कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी छात्र संगठनों ने संयुक्त समिति बनाकर कुलपति को ज्ञापन सौंपा तथा विश्वविद्यालय हित एवं छात्रहित से जुड़े सभी विषयों पर भविष्य में भी समन्वय एवं संवाद की प्रक्रिया निरंतर जारी रखने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *