चेन छिनतई गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार; 19 ग्राम सोना और दो चोरी के वाहन बरामद

SHARE:

रांची, 24 जुलाई। रांची पुलिस ने चेन छिनतई करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गिरोह का सक्रिय सदस्य सद्दाम अंसारी और चोरी के गहने खरीदने के आरोप में रमेश प्रसाद स्वर्णकार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना, एक चोरी की टीवीएस स्कूटी और एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि चोरी की बाइक पर सवार अपराधी नामकुम की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर रेलवे फ्लाईओवर के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सद्दाम अंसारी के रूप में बताई।

जांच में पता चला कि जिस बाइक से वह चल रहा था, उसका चेसिस नंबर मिटाया गया था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है और इसका इस्तेमाल शहर के विभिन्न इलाकों में महिलाओं से सोने की चेन छीनने की वारदातों में किया जाता था।

आरोपी ने नामकुम, कांके, लालपुर और बरियातु थाना क्षेत्रों में वर्ष 2026 के दौरान हुई कई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने यह भी बताया कि छीने गए गहनों को बीआईटी मेसरा चौक स्थित एक ज्वेलर्स को कम कीमत पर बेच दिया जाता था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रमेश प्रसाद स्वर्णकार को गिरफ्तार कर उसकी दुकान से करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह चोरी के वाहनों का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम देता था और लूटे गए आभूषणों को ज्वेलरी दुकानों में खपा देता था।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

बरामदगी

  • टीवीएस स्कूटी (JH03AN-4087)
  • हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल (JH01CE-9582)
  • करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *