रांची: रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा की गई 5 वर्षीय बच्ची को महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बच्ची को बिहार के गया जंक्शन के पास एक होटल से सुरक्षित बरामद किया गया।
यह मामला नगड़ी थाना के दलादली टीओपी क्षेत्र के सपारोम का है, जहां 16 जुलाई को बच्ची के अपहरण की सूचना मिलने के बाद नगड़ी थाना कांड संख्या 120/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में डीएसपी (मुख्यालय-02) अजय आर्यन के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। तकनीकी शाखा की मदद से गया (बिहार) में स्थानीय पुलिस के सहयोग से 30 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई। सूचना मिलने के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने गया जंक्शन के पास स्थित एक होटल से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी रमेश कुमार मिश्रा पीड़िता के घर के पास किराए के मकान में रहता था। उसने पैसों के लालच में बच्ची को बहला-फुसलाकर गया ले गया और परिजनों से 3 लाख रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती नहीं देने पर बच्ची की हत्या कर देने की धमकी भी दी गई। आरोपी के दो सहयोगी सचिन कुमार और मोनु कुमार ने बच्ची को छिपाने और फिरौती की रकम हासिल करने में उसका साथ दिया।
आरोपियों ने परिजनों से दो अलग-अलग मोबाइल नंबरों के माध्यम से ऑनलाइन कुल 5,000 रुपये भी वसूल लिए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
बरामदगी के बाद बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
* रमेश कुमार मिश्रा (गया, बिहार)
* सचिन कुमार (गया, बिहार)
* मोनु कुमार (जहानाबाद, बिहार)
बरामद सामान
* घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन
रांची पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक मासूम की जान बच गई और अपहरण की वारदात का 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा हो गया।






