सीसीएल में सतर्कता जागरूकता अभियान–2026 का समापन समारोह आयोजित

SHARE:

राँची:-सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड, मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर स्थित संगम सभागार में आज दिनांक 26 नवंबर, 2026 को सतर्कता जागरूकता अभियान–2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सीवीओ, कोल इंडिया लिमिटेड श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी, सीसीएल सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक(मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी, सीसीएल श्री पंकज कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर ‘प्रमाण पोर्टल’ का शुभारंभ, एक पुस्तक का विमोचन तथा अभियान पर आधारित वीडियो का अनावरण किया गया।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत से हुआ। वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया गीत के उपरांत डीएवी गांधीनगर के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सीसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार ने स्वागत संबोधन दिया।

श्री पंकज कुमार ने कहा कि सतर्कता को केवल शिकायतों अथवा अनियमितताओं की जांच तक सीमित न रखकर दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कमांड क्षेत्र के अनेक विद्यालयों ने भी इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी ने इस अभियान को तथा इसके संदेश को जान जान तक संप्रेषित किया ।

वहीं, सीआईएल के सीवीओ श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने शानदार आयोजन के लिए सीसीएल परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया लिमिटेड का प्रत्येक कर्मचारी कंपनी का ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और प्रत्येक कर्मी को ईमानदारी, पारदर्शिता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखनी चाहिए।उन्होंने कहा है कि कोल इंडिया का भ्रष्टाचार के प्रति ज़ीरो टॉलरेंस है । सतर्कता के इस मुहिम में हमारे सारे कर्मी बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं । परिणामस्वरूप सीआइएल नए कीर्तिमान रच रही है ।

सीएमडी, सीसीएल श्री निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम के रूप में सीसीएल की जिम्मेदारी उत्पादन एवं परिचालन लक्ष्यों की प्राप्ति के साथ-साथ सार्वजनिक संसाधनों का विवेकपूर्ण और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि सभी को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूरी निष्ठा से अनुपालन करना चाहिए। साथ ही, कार्यों को बेहतर और प्रभावी ढंग से संपन्न करने के लिए आपसी समन्वय को सतर्कता का सर्वश्रेष्ठ रूप बताया । उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 1,600 से अधिक यूनिट रक्त का संग्रह किया गया, जो सीसीएल परिवार और समाज की सामूहिक सहभागिता का सराहनीय उदाहरण है।

वहीं, निदेशक(मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि किसी भी संगठन में सत्यनिष्ठा की संस्कृति उसके प्रत्येक कर्मचारी के आचरण से सुदृढ़ होती है। उन्होंने प्रशिक्षण, जागरूकता और संवाद के माध्यम से कर्मचारियों को नियमों एवं उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने की आवश्यकता पर बल दिया।

*‘प्रमाण पोर्टल’ का शुभारंभ*
समारोह के दौरान ‘प्रमाण पोर्टल’ का शुभारंभ तथा पुस्तक का विमोचन किया गया, जो कार्य अनुभव प्रमाण पत्रों को जारी करने एवं उनकी सत्यता की जांच की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाएगा। इसके उपरांत पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं, नोडल ऑफिसर, विभागों को पुरस्कृत किया गया। सतर्कता जागरूकता अभियान (VAC)-2026 के अंतर्गत हजारीबाग क्षेत्र को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, सीसी एवं पीआर द्वारा सीसीएल का नया एवं आकर्षक “Outro” भी लॉन्च किया गया। जिसे सभी लोगों ने काफ़ी सराहा ।

मंच का संचालन वरीय प्रबंधक श्रीमती सुगंधा वर्मा एवं श्री मोहित जैन द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ सतर्कता जागरूकता अभियान–2026 का समापन समारोह संपन्न हुआ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *