रांची: सड़क दुर्घटना में पूरी तरह कटकर अलग हुए 32 वर्षीय ड्राइवर के दाएं हाथ के अंगूठे को पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची में माइक्रोवैस्कुलर सर्जरी के जरिए सफलतापूर्वक जोड़ दिया गया। दुर्घटना के करीब आठ घंटे बाद अस्पताल पहुंचे मरीज का लगभग साढ़े तीन घंटे तक ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के बाद अंगूठा सुरक्षित है और मरीज की स्थिति संतोषजनक है। पारस एचईसी हॉस्पिटल के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के सीनियर कंसल्टेंट एवं हेड डॉ विवेक गोस्वामी ने कहा कि मरीज पेशे से ड्राइवर था। ऐसे में दाएं हाथ का अंगूठा कट जाना उसके रोजगार और भविष्य के लिए बड़ी चुनौती बन सकता था। हाथ की पकड़, चीजों को उठाने और रोजमर्रा के अधिकांश कामों में अंगूठे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अंगूठा नहीं होने पर व्यक्ति की कार्यक्षमता काफी प्रभावित हो सकती है। मरीज दुर्घटना के करीब आठ घंटे बाद अस्पताल पहुंचा था। अंगूठे में गंभीर क्रश इंजरी होने और निर्धारित गोल्डन आवर के बाद अस्पताल पहुंचने के कारण सर्जरी चुनौतीपूर्ण थी। मरीज को अंगूठा जोड़ने की संभावना और उपचार के विकल्प समझाए गए, जिसके बाद उसकी सहमति से ऑपरेशन किया गया। सर्जरी में सुपर माइक्रोसर्जरी तकनीक का इस्तेमाल कर अंगूठे की दो डिजिटल आर्टरी, खून की वापसी के लिए तीन डॉर्सल वेन्स और दोनों डिजिटल नर्व को माइक्रोस्कोप की मदद से जोड़ा गया। इसके अलावा एक्सटेंसर और फ्लेक्सर टेंडन की मरम्मत की गई तथा के-वायर की मदद से हड्डी को स्थिर किया गया। करीब साढ़े तीन घंटे चली सर्जरी में पूरी टीम के समन्वित प्रयास से अंगूठे को बचाने में सफलता मिली।
डॉ विवेक गोस्वामी ने कहा कि ऑपरेशन के बाद शुरुआती 72 घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान रक्त प्रवाह प्रभावित होने या रक्त वाहिकाओं में समस्या आने का खतरा रहता है। चोट में क्रशिंग अधिक होने के कारण इस मामले में जोखिम भी ज्यादा था, लेकिन मरीज में ऐसी कोई गंभीर समस्या नहीं आई। ऑपरेशन के तीसरे दिन मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हालिया फॉलो-अप में भी अंगूठा सुरक्षित पाया गया।
उन्होंने कहा कि रांची में इस तरह की सुपर माइक्रोसर्जरी की सुविधा सीमित केंद्रों पर उपलब्ध है। पारस एचईसी हॉस्पिटल में लाइका के हाई-एंड माइक्रोस्कोप की मदद से इस तरह की सर्जरी की जाती है। यह अस्पताल में पहली बार किया गया ऑपरेशन नहीं है, बल्कि माइक्रो सर्जरी के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।
डॉ गोस्वामी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि दुर्घटना में शरीर का कोई अंग कटकर अलग हो जाए या गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो जाए, तो बिना समय गंवाए उचित चिकित्सा केंद्र पहुंचें। समय पर उपचार और विशेषज्ञ सर्जरी से कई मामलों में कटे अंग को दोबारा जोड़कर बचाया जा सकता है।
फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि पारस एचईसी हॉस्पिटल में अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के माध्यम से जटिल से जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया जा रहा है। अंग कटकर अलग होने जैसी गंभीर दुर्घटनाओं में समय पर अस्पताल पहुंचना और सही उपचार मिलना बेहद महत्वपूर्ण है। अस्पताल का प्रयास है कि मरीजों को ऐसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं रांची में ही उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े और वे जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन एवं रोजगार में वापस लौट सकें।





