IITF-2026 में झारखंड की खनिज संपदा का जलवा, माइनिंग टूरिज्म की अनूठी पहल बनी आकर्षण का केंद्र

SHARE:

नई दिल्ली/रांची। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड अपनी समृद्ध खनिज संपदा, औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित कर रहा है। मेले में लगाए गए झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य के खान एवं भूविज्ञान विभाग ने झारखंड की खनिज संपदा और खनन क्षेत्र में उपलब्ध औद्योगिक अवसरों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया है।

देश की ‘मिनरल कैपिटल’ के रूप में पहचान रखने वाले झारखंड के पवेलियन में लौह अयस्क, कोयला, अभ्रक, तांबा, यूरेनियम, बॉक्साइट, चूना पत्थर, ग्रेनाइट और विभिन्न प्रकार के पत्थरों का प्रदर्शन किया गया है। इसके जरिए राज्य की प्राकृतिक संपदा और देश की औद्योगिक प्रगति में झारखंड के योगदान को दर्शाया जा रहा है।

माइनिंग टूरिज्म से पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

IITF-2026 में झारखंड की माइनिंग टूरिज्म पहल विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने माइनिंग टूरिज्म की अनूठी पहल शुरू की है। इसके तहत पर्यटकों को सक्रिय कोयला खदानों का भ्रमण कराने की व्यवस्था की गई है।

इस पहल के माध्यम से पर्यटक खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों के संचालन और देश की अर्थव्यवस्था में खनन क्षेत्र की भूमिका को नजदीक से समझ सकते हैं। इससे खनन क्षेत्र के प्रति लोगों की समझ बढ़ाने के साथ पर्यटन की नई संभावनाएं भी विकसित हो रही हैं।

आधुनिक उद्योगों के लिए झारखंड के खनिज महत्वपूर्ण

झारखंड की खनिज संपदा का महत्व केवल पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

बॉक्साइट एल्युमिनियम उत्पादन का प्रमुख कच्चा माल है, जिसका उपयोग परिवहन, निर्माण, विद्युत उपकरण और एयरोस्पेस उद्योगों में किया जाता है। वहीं, बेरिलियम अपनी हल्की प्रकृति, मजबूती और ताप प्रतिरोधक क्षमता के कारण रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स और एयरोस्पेस क्षेत्र में उपयोगी है।

इसके अलावा लिथियम का उपयोग इलेक्ट्रिक वाहनों, मोबाइल फोन और ऊर्जा भंडारण प्रणालियों की रिचार्जेबल बैटरियों में किया जाता है। यूरेनियम परमाणु ऊर्जा उत्पादन का प्रमुख ईंधन है और देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देता है।

निवेश और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर जोर

IITF-2026 में झारखंड की भागीदारी का उद्देश्य राज्य की खनिज संपदा को प्रदर्शित करने के साथ खनिज आधारित उद्योगों में निवेश आकर्षित करना, मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसरों की संभावनाओं को सामने लाना है।

झारखंड पवेलियन के माध्यम से राज्य सरकार यह संदेश दे रही है कि खनिज संसाधनों का बेहतर उपयोग औद्योगिक विकास, आधुनिक विनिर्माण और आर्थिक प्रगति को नई दिशा दे सकता है।

IITF-2026 में झारखंड की प्रस्तुति राज्य की खनिज संपदा, औद्योगिक विरासत और भविष्य की विकास संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *