झारखंड में 26 कैदियों की रिहाई पर बनी सहमति, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक

SHARE:

रांची। झारखंड में आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदियों की रिहाई को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई इस बैठक में विभिन्न जेलों में बंद 73 कैदियों की रिहाई से जुड़े मामलों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समीक्षा के बाद 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी।

बैठक में राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद द्वारा अनुशंसित 20 नए मामलों के साथ पिछली बैठकों में रिहाई के लिए अस्वीकृत किए गए 53 मामलों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री और अधिकारियों ने कैदियों के आचरण, कारावास की अवधि, निर्धारित पात्रता, विधिक प्रावधानों तथा संबंधित पुलिस अधीक्षकों, जेल अधीक्षकों और प्रोबेशन अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर सभी मामलों पर बिंदुवार चर्चा की।

रिहा होने वाले कैदियों के लिए काउंसलिंग की व्यवस्था

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिहा होने वाले कैदियों के लिए मनोवैज्ञानिक काउंसलर नियुक्त किए जाएं। उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद कैदी अपने परिवार और समाज के बीच सामान्य जीवन व्यतीत कर सकें तथा दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने इस कार्य में गैर-सरकारी संगठनों (NGO) का सहयोग लेने पर भी जोर दिया। उनका निर्देश था कि रिहा होने वाले बंदियों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

मानसिक रूप से अस्वस्थ कैदियों के इलाज पर विशेष जोर

बैठक में मुख्यमंत्री ने मानसिक रूप से अस्वस्थ कैदियों के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जेल से रिहा होने वाले ऐसे बंदियों का बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संबंधित प्रोबेशन ऑफिसर को जिम्मेदारी सौंपने का निर्देश दिया गया।

जेल से बाहर नहीं निकलना चाहते बंदियों की भी होगी काउंसलिंग

मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अधिकारियों से कहा कि सजा पूरी होने के बावजूद जो बंदी जेल से बाहर नहीं निकलना चाहते, उनकी भी काउंसलिंग कराई जाए। यह पता लगाया जाए कि वे जेल से बाहर आने से क्यों हिचक रहे हैं। साथ ही उनके पारिवारिक और सामाजिक हालात की जानकारी भी जुटाई जाए, ताकि उनकी समस्याओं को समझकर उचित समाधान निकाला जा सके।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, डीजीपी तदाशा मिश्रा, विधि विभाग के प्रधान सचिव-सह-विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव, महानिरीक्षक कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं सुदर्शन प्रसाद मंडल, न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा सहित कारा एवं सुधारात्मक सेवाओं तथा प्रोबेशन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

इस बैठक में 26 कैदियों की रिहाई पर बनी सहमति के साथ सरकार ने रिहाई के बाद उनके पुनर्वास, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक पुनर्स्थापन पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *