वाईबीएन कॉलेज फॉर टीचर एजुकेशन में नवागंतुक शिक्षक प्रशिक्षुओं का भव्य स्वागत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

SHARE:

रांची: वाईबीएन कॉलेज फॉर टीचर एजुकेशन, कव्वाली, रांची की ओर से बीएड सत्र 2026-28 के नवागंतुक शिक्षक प्रशिक्षुओं के स्वागत में ‘नवागंतुक स्वागत समारोह 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नए प्रशिक्षु शिक्षकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समारोह में शिक्षा, अनुशासन और शिक्षक के सामाजिक दायित्वों पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री राम जी यादव ने नवागंतुक प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए अपने ज्ञानवर्धक विचारों एवं आशीर्वचनों से उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने प्रशिक्षु शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

वहीं, विश्वविद्यालय की सीएमडी डॉ. अंकित यादव ने प्रशिक्षु शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षक के कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रशिक्षु को अपने भीतर अनुशासन, नैतिकता और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना विकसित करनी चाहिए।

समारोह का मुख्य आकर्षण प्रशिक्षु शिक्षकों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और सभागार में उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर रजिस्ट्रार, डीन एकेडमिक, डीएसडब्ल्यू, विभिन्न विभागों के डीन एवं विभागाध्यक्ष सहित कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कैलाश नाथ, डॉ. मांडवी राय, डॉ. शुभाशीष सिन्हा, डॉ. संगीता गोप, डॉ. सुमन कुमारी, डॉ. संदीप आनंद, कुमारी पिंकी कुमारी, प्रियंका और अमर कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने नवागंतुक प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए नए शैक्षणिक सफर की सुखद शुरुआत का संदेश दिया। समारोह का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना और शिक्षक बनने की जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *