गोड्डा, 18 नवंबर 2026। जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोड्डा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम के आगे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी के सामान के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से आठ पीस मोटर और पांच पीस स्टार्टर बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को सूचना मिली थी कि गांधीग्राम के आगे एक टोटो में चोरी का सामान भरकर एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध टोटो को रोककर उसमें सवार दो व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी लेने पर अलग-अलग प्लास्टिक की बोरियों में रखे आठ पीस मोटर और पांच पीस स्टार्टर बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहेल अंसारी (20 वर्ष), पिता अकबर अंसारी, निवासी फसियाडंगाल तथा मो. तौहिद अंसारी (33 वर्ष), पिता कमालउद्दीन, निवासी पोस्टमार्टम रोड, गोड्डा के रूप में हुई है। दोनों गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस की पूछताछ में सोहेल अंसारी ने अपने अन्य साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की, जबकि मो. तौहिद अंसारी पर चोरी के सामान को टोटो के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का आरोप है।
इस मामले में पथरगामा थाना में कांड संख्या 120/26, दिनांक 17 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 317(2), 317(5) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक बिरेन्द्र पासवान, पथरगामा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार साहा, पुलिस अवर निरीक्षक देवकुमार होरो, मनीष कुमार यादव, शिव कुमार, गोड्डा नगर थाना के अंकित कुमार झा सहित पथरगामा थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
गोड्डा पुलिस ने बताया कि जिले में चोरी, लूट और डकैती जैसी संपत्ति संबंधी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है।





