सदर थाना पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और स्कूटी की बरामद, पूर्व की चोरी की घटना का भी हुआ खुलासा

SHARE:

रांची: राजधानी रांची में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में सदर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और पूर्व में चोरी की गई एक स्कूटी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को होटल कैलाशा इन, लूटे गोड्डा के पास से संजीव कुमार की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में सदर थाना कांड संख्या 517/26, दिनांक 16 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक सदर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा एक बालक को निरुद्ध किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोलू कुमार सिंह (21 वर्ष), पिता सुनील कुमार सिंह, निवासी बरियातू, रांची और कुमार हर्ष (22 वर्ष), पिता स्व. मनोज कुमार सहाय, निवासी बरियातू, रांची के रूप में हुई है। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

दो वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक हीरो मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01H-8503) बरामद की है, जिसका इस्तेमाल घटना में किया गया था। इसके अलावा एक होंडा स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01GQ-3227) भी बरामद की गई है। उक्त स्कूटी सदर थाना कांड संख्या 491/26 में चोरी हुई थी।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार, रांची भेज दिया गया है, जबकि निरुद्ध बालक को संप्रेक्षण गृह, डूमरदगा भेजा गया है।

छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक कुलदीप कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक कश्यप गौतम, जमील अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक होपना बेसरा, बालमोहन सिंह तथा आरक्षी संतोष कुमार यादव, ब्रजेश कुमार सिंह एवं सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी के मामलों के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *