गोड्डा में विद्युत तार चोरी करते दो युवक गिरफ्तार, चोरी की सामग्री बरामद; तीसरे संदिग्ध की तलाश में जुटी पुलिस

SHARE:

गोड्डा: जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गोड्डा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में नगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में विद्युत सामग्री चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की गई विद्युत सामग्री एवं घटना में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को सुबह करीब 3:30 बजे नगर थाना क्षेत्र के लोहियानगर बाल उद्यान परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय में दो व्यक्ति विद्युत तार चोरी कर रहे थे। इसी दौरान मोहल्लेवासियों ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना ले आई। पुलिस ने उनके पास से बरामद सामान को विधिवत जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गंगटा काली मंदिर निवासी प्रमोद दास के करीब 18 वर्षीय पुत्र तथा गंगटा खुर्द निवासी मोहम्मद अब्दुल कलाम के करीब 19 वर्षीय पुत्र जमील अंसारी के रूप में हुई है।

वहीं, इस घटना में मुजम्मिल मियां उर्फ पुतुल अंसारी (करीब 22 वर्ष), निवासी पोस्टमार्टम रोड, गोड्डा की भूमिका की भी जानकारी पुलिस को मिली है। उसकी संलिप्तता को लेकर पुलिस अनुसंधान कर रही है।

चोरी के सामान में AC उपकरण से लेकर तांबे के पाइप तक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक काला रंग का अल्टरनेटर (डायनेमो), एक नीला एवं एक काला रंग का सेल्मर, चार स्टील के रेंच, एक स्लाइड रेंच, एक एसी कंप्रेसर, करीब 400 ग्राम तांबे का पाइप एवं अन्य तांबे की सामग्री, एक एसी कॉयल, एसी आउटडोर का कटा हुआ हिस्सा, एक पेचकस सहित अन्य विद्युत तार एवं संबंधित उपकरण बरामद किए हैं।

गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *