राज्य स्थापना पखवाड़ा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

SHARE:

रांची: राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत रांची जिले में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त ने पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित तिथि एवं समय पर कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने और सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उपायुक्त ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित गतिविधियों की पूर्व तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया।

विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सर्वजन पेंशन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो झानो आशीर्वाद अभियान एवं सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने, लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने तथा आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को धरातल पर उतारने का निर्देश दिया, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

वीबी-जी राम जी योजना के तहत मैनडेज सृजन में तेजी लाने पर जोर

उपायुक्त ने वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत मैनडेज क्रिएशन एवं योजनाओं की स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता से कार्य करें और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने तथा राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *