नई दिल्ली/रांची, 16 नवंबर। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक हस्तशिल्प के दम पर देशभर के लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। झारखंड पवेलियन में माटी कला (टेराकोटा) का लाइव प्रदर्शन मेले का प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। मिट्टी से खूबसूरत और उपयोगी उत्पाद तैयार करने की पारंपरिक कला को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
पवेलियन में झारखंड के कुशल कारीगर लाइव डेमो के माध्यम से अपनी हुनर का प्रदर्शन कर रहे हैं। यहां ट्रे, सुराही, कप, गिलास, थाली और केतली सहित कई आकर्षक उत्पाद मिट्टी से तैयार किए जा रहे हैं। खास बात यह है कि पर्यटक अपनी आंखों के सामने इन उत्पादों को बनते देख रहे हैं और खुद भी मिट्टी से सामान बनाने का अनुभव ले रहे हैं।
कारीगरों को मिल रहा राष्ट्रीय बाजार
झारखंड पवेलियन में तैयार उत्पादों को सीधे कारीगरों से खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे स्थानीय शिल्पकारों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और बिक्री का बेहतर अवसर मिल रहा है।
राज्य सरकार पारंपरिक कला एवं शिल्प के संरक्षण, स्थानीय कारीगरों के सशक्तीकरण और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। माटी कला बोर्ड की परिकल्पना के माध्यम से पारंपरिक कुम्हारों और माटी शिल्पकारों को पहचान, कौशल विकास, आधुनिक डिजाइन तथा बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है।
माटी कला को मिल रहा राष्ट्रीय मंच
IITF-2026 में झारखंड पवेलियन के जरिए राज्य की पारंपरिक माटी कला को राष्ट्रीय पहचान मिल रही है। यह आयोजन न केवल झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है, बल्कि स्थानीय कारीगरों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़कर रोजगार और नए बाजार के अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।





