देवघर: जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक देवघर प्रवीण पुष्कर (भा.पु.से.) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 15 नवंबर 2026 को छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्ध साइबर अपराधी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon Pay, Airtel Payment Bank और Google Pay/PhonePe के कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर आम लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसके अलावा पीएम किसान योजना के नाम पर भी लोगों से धोखाधड़ी की जा रही थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में बिट्टू कुमार (24 वर्ष), पिता धनेश्वर मंडल, रोशन कुमार (19 वर्ष), पिता विवेकानंद मंडल, दोनों निवासी जगतपुर, थाना मोहनपुर; तकबुल अंसारी (30 वर्ष), पिता जामाल मियां, निवासी कालीजोत, थाना सारठ और राजाराम कुमार (21 वर्ष), पिता ललन कुमार मंडल, निवासी जगतपुर, थाना मोहनपुर, जिला देवघर शामिल हैं।
इस तरह लोगों को बनाते थे ठगी का शिकार
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर कैशबैक का लालच देते थे। इसके अलावा पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर ठगी करते थे।
आरोपी Airtel Payment Bank के उपभोक्ताओं को भी निशाना बनाते थे। Airtel Thanks ऐप के माध्यम से पेमेंट बैंक कार्ड बंद कराकर उसे दोबारा चालू करवाने में सहायता देने का झांसा देकर लोगों से ठगी की जाती थी।
कई राज्यों में दर्ज हैं साइबर ठगी की शिकायतें
पुलिस की तकनीकी जांच में गिरफ्तार आरोपियों के पास से जब्त मोबाइल नंबरों और IMEI नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी राजाराम कुमार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह देवघर साइबर थाना कांड संख्या 107/2024 में जेल जा चुका है।
इस छापेमारी अभियान में साइबर थाना देवघर के पुलिस निरीक्षक अमर कुमार राम, मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा सहित मोहनपुर थाना की पुलिस टीम शामिल थी।
देवघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।





