ओबीसी क्रीमी लेयर पर मनमोहन की नीति, मोदी के बचाव को कोर्ट ने किया खारिज : राजेश गुप्ता

SHARE:

रांची। राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने OBC क्रीमी लेयर पर सुप्रीम कोर्ट के महत्वपूर्ण फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि 2004 में तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार द्वारा लाई गई विवादित व्यवस्था को वर्तमान मोदी सरकार ने भी जारी रखा और अदालत में उसका बचाव किया।

सुप्रीम कोर्ट ने 11 मार्च 2026 को _Union of India vs Rohith Nathan_ मामले में केंद्र सरकार की अपील खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि PSU, बैंक एवं निजी क्षेत्र में कार्यरत माता-पिता की वेतन आय को अकेले आधार बनाकर उनके बच्चों को क्रीमी लेयर घोषित नहीं किया जा सकता। केंद्र सरकार ने दलील दी थी कि इन संस्थानों के पदों की सरकारी पदों से समानता निर्धारित नहीं होने के कारण वेतन आय को आधार बनाना जरूरी है। अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया और 1993 के मूल आदेश के अनुरूप क्रीमी लेयर निर्धारण का सिद्धांत स्पष्ट किया।

इतना ही नहीं, 6 नवंबर 2026 को केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से फैसले के अनुपालन के लिए दो वर्ष का समय मांगा, लेकिन अदालत ने इसे अस्वीकार करते हुए केवल 8 सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया और अपने मूल फैसले को बरकरार रखा।

यह मामला सिविल सेवा परीक्षा 2012 के अभ्यर्थियों से जुड़ा था और 2014 से न्यायिक लड़ाई में पहुंचा। लगभग 100 चयनित OBC अभ्यर्थियों का भविष्य एक दशक से अधिक समय तक अधर में लटका रहा। इस लंबी लड़ाई के दौरान कई अभ्यर्थियों ने अपने माता-पिता को भी खो दिया, जो अपने बच्चों को न्याय और सेवा में स्थापित होते देखने की प्रतीक्षा कर रहे थे।

श्री गुप्ता ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछड़े वर्ग से आने वाले प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार भी पिछली सरकार की विवादित नीति का बचाव करती रही। OBC समुदाय को अब आश्वासन नहीं, बल्कि न्यायालय के फैसले के अनुरूप ठोस नीतिगत सुधार चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपेक्षा है कि वे इस व्यवस्था में सुधार कर OBC अभ्यर्थियों के संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *