रांची। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के 2 लाख 55 हजार 534 पेंशनधारियों को बड़ी राहत मिली है। जिला प्रशासन की ओर से अक्टूबर एवं नवंबर 2026 की पेंशन राशि का एक साथ भुगतान कर दिया गया है। इसके तहत जिले के लाभुकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से कुल 51 करोड़ 10 लाख 68 हजार रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, प्रत्येक लाभुक के खाते में दो महीने की कुल 2,000 रुपये की राशि भेजी गई है। इसमें प्रत्येक माह के लिए 1,000-1,000 रुपये की पेंशन शामिल है।
तमाड़ में सबसे अधिक लाभुक
जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रखंड एवं शहरी क्षेत्रों में पेंशन लाभुकों की संख्या में तमाड़ 20,689 लाभुकों के साथ सबसे आगे है। इसके बाद कांके में 17,027, मांडर में 16,115, सिल्ली में 15,683 और बेड़ो में 14,142 लाभुकों को पेंशन का भुगतान किया गया है।
वहीं, रांची टाउन शहरी क्षेत्र में 13,099, चान्हो में 12,461, बुढ़मू में 11,055, रातू में 10,756 और अनगड़ा में 10,311 लाभुकों को पेंशन राशि भेजी गई है।
इन श्रेणियों के लाभुकों को मिलता है योजना का लाभ
सर्वजन पेंशन योजना का उद्देश्य पात्र वृद्धजनों, विधवा एवं एकल महिलाओं, दिव्यांगजनों सहित निर्धारित श्रेणियों के लाभुकों को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पेंशन नहीं मिलने पर कराएं आधार सीडिंग
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों के बैंक खातों में अभी तक पेंशन की राशि प्राप्त नहीं हुई है, वे अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग अवश्य कराएं। आधार सीडिंग नहीं होने के कारण भुगतान में परेशानी हो सकती है।
जिला प्रशासन ने पेंशन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई है, ताकि कोई भी योग्य लाभुक सामाजिक सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे।





