राँची। कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड के विद्यार्थियों ने झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट का शैक्षणिक परिभ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नेतरहाट में आयोजित नेचर कैंप में हिस्सा लेकर प्रकृति के करीब समय बिताया और विभिन्न रोमांचक गतिविधियों के माध्यम से अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
नेचर कैंप के दौरान विद्यार्थियों ने जिपिंग, वॉल क्लाइंबिंग, ब्रिज क्रॉसिंग, लैडर क्लाइंबिंग, शूटिंग और आर्चरी सहित कई एडवेंचर स्पोर्ट्स में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को शारीरिक दक्षता, साहस, आत्मविश्वास और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने का अनुभव मिला।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक सह प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर ने कहा कि इस तरह के परिभ्रमण कार्यक्रम विद्यार्थियों को झारखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय विविधता से परिचित कराने के साथ-साथ उनके कौशल विकास एवं अनुभवात्मक शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) में अनुभवात्मक शिक्षा और कौशल विकास को विशेष महत्व दिया गया है। विद्यालय इसी उद्देश्य के अनुरूप विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।
नेतरहाट में आयोजित इस नेचर कैंप में विद्यालय के लगभग 40 विद्यार्थियों के साथ कई शिक्षक भी शामिल हुए। यह यात्रा विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीखने, आत्मनिर्भर बनने और सामूहिक भावना विकसित करने का यादगार अवसर साबित हुई।






