राँची में 16 सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी सम्मानित, उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा- सेवानिवृत्ति नहीं, जीवन के नए अध्याय की शुरुआत

SHARE:

राँची, 31 अक्टूबर। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय भवन के ब्लॉक-ए में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के कुल 16 सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों का स्वागत किया और उनके वर्षों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता हैं। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और समाज को बेहतर दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

22 महीनों से लगातार आयोजित हो रहा है सम्मान समारोह

उपायुक्त ने बताया कि राँची जिले में शिक्षक सम्मान सह सेवानिवृत्ति दरबार लगातार 22 महीनों से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरे राज्य में अपनी तरह का अनूठा प्रयास है। इसका उद्देश्य लंबे समय तक शिक्षा के क्षेत्र में सेवा देने वाले शिक्षकों को सम्मान देना है।

सेवानिवृत्ति के दिन ही मिल रहे सभी लाभ

उपायुक्त ने कहा कि राँची जिले में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके सभी सेवानिवृत्ति लाभ सेवानिवृत्ति के दिन ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने आज भी सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को तत्काल सेवानिवृत्ति लाभ दिए जाने की जानकारी दी। इस व्यवस्था के लिए उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की।

सेवानिवृत्ति को जीवन का नया अध्याय मानें

सेवानिवृत्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि 30 से 35 वर्षों की लंबी सेवा के बाद अब उनके जीवन में एक नया पड़ाव शुरू हुआ है। इसे केवल सेवानिवृत्ति नहीं, बल्कि जीवन का नया चरण समझना चाहिए। अब वे अपने परिवार, स्वास्थ्य और समाज के लिए अधिक समय निकाल सकते हैं। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए देने की अपील की।

मोबाइल के बढ़ते प्रभाव पर जताई चिंता

उपायुक्त ने युवा पीढ़ी में मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवा आज मोबाइल पर जरूरत से ज्यादा समय बिता रहे हैं, जिसका उनके जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से अपील की कि वे अपने अनुभवों के माध्यम से युवाओं का मार्गदर्शन करें और उन्हें जागरूक बनाएं।

उन्होंने समाज के वंचित एवं शोषित वर्ग के बच्चों को शिक्षित करने तथा एक समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी भूमिका जारी रखने का भी आग्रह किया।

इन 16 सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

समारोह में ठाकुर दास महतो, मो. अब्दुल मतीन, देवी प्रसाद मुखर्जी, देव कुमारी रीता, शिव शंकर महतो, सविता मिंज, मीना प्रसाद, सुधीर लकड़ा, महेश्वर गुण्डा, ओडिल ग्रेस कुल्लू, शिलवन्ती लिग्गा, उदय प्रताप सिंह, अन्विता मिश्रा, मरियम तिग्गा, हुलाशी कन्जुलना एवं सीमा भौमिक को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सदर राँची श्री कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री धनंजय, जिला शिक्षा पदाधिकारी मो. वसीम, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री बादल राज सहित शिक्षा अधीक्षक कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

अंत में उपायुक्त ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारियों को उनके नए जीवन की शुरुआत के लिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *