रांची: राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में लग्जरी चारपहिया वाहन किराये पर लेने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गिरोह का रांची पुलिस ने खुलासा किया है। ओरमांझी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से फॉर्च्यूनर, मारुति, फ्रॉन्क्स और बिना नंबर की नई बलेनो समेत कुल चार कार बरामद की गई हैं। इसके अलावा छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य वाहन मालिकों को उनकी गाड़ी अच्छे किराये पर लगाने का लालच देते थे। शुरुआत में एक-दो महीने तक नियमित किराया देकर उनका विश्वास जीतते थे। इसके बाद गाड़ियों को दूसरे लोगों के पास मोटी रकम लेकर बंधक रख देते थे और वाहन मालिकों को किराया देना बंद कर देते थे। इतना ही नहीं, कुछ समय बाद वाहन मालिकों से संपर्क भी तोड़ लेते थे।
ऐसे चलता था ठगी का पूरा खेल
इस मामले में 29 अक्टूबर 2026 को सनी कुमार, पिता ओम प्रकाश करमाली, निवासी हरचंडा, थाना ओरमांझी, रांची ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि विश्वजीत कुमार सिंह, ज्योति कुमारी और मनोज कुमार ने आपसी मिलीभगत से किराये पर वाहन लेने की बात कहकर उनकी दो गाड़ियां फॉर्च्यूनर और सेल्टोस ले ली थीं।
बाद में उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी इसी तरह अन्य वाहन मालिकों के साथ भी धोखाधड़ी कर रहे हैं और एक संगठित गिरोह चलाते हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश एवं मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी रांची और आसपास के क्षेत्रों में वाहन मालिकों को अधिक किराया देने का लालच देकर उनकी गाड़ियां एग्रीमेंट के माध्यम से लेते थे। शुरुआत में किराया देकर विश्वास हासिल करने के बाद गाड़ियों को अन्य लोगों के पास ऊंची रकम लेकर बंधक रख देते थे।
‘शुभ यात्रा ट्रैवल्स’ के कार्यालय से चल रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की ने रांची के रातू रोड स्थित प्रार्थना हाईट्स, मॉल ऑफ रांची के बगल में ‘शुभ यात्रा ट्रैवल्स’ के नाम से कार्यालय खोल रखा था।
इसी ट्रैवल्स कंपनी की आड़ में वाहन मालिकों से संपर्क किया जाता था। लोगों को गाड़ी किराये पर लगाने का भरोसा दिलाकर वाहन लिए जाते थे और फिर उन्हें दूसरे लोगों के पास मोटी रकम लेकर बंधक रख दिया जाता था।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, चार वाहन बरामद
पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
- विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय मृगेन्द्र प्रसाद सिंह, मूल निवासी लक्ष्मीपुर, हवेली खड़गपुर, जिला मुंगेर (बिहार), वर्तमान पता त्रिवेणीपुरम सोसाइटी, स्वर्णरेखा-4, फ्लैट नंबर जी-3, थाना खेलगांव, रांची।
- मनोज कुमार (36 वर्ष), पिता पुकार लाल, निवासी रमना, जिला गढ़वा, वर्तमान पता जेपी मार्केट, धुर्वा, थाना विधानसभा, रांची।
- ज्योति कुमारी (34 वर्ष), पति विश्वजीत कुमार सिंह, निवासी त्रिवेणीपुरम सोसाइटी, स्वर्णरेखा-4, फ्लैट नंबर जी-3, थाना खेलगांव, रांची। स्थायी पता हवेली खड़गपुर, जिला मुंगेर, बिहार।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपराध स्वीकार किया है। उनकी निशानदेही पर वादी की फॉर्च्यूनर सहित अन्य तीन कार बरामद की गई हैं।
पुलिस ने ये वाहन और सामान किए बरामद
- टोयोटा फॉर्च्यूनर – JH01CZ 6468
- मारुति कार – JH01GD 8234
- मारुति फ्रॉन्क्स – JH01FM 8452
- बिना नंबर की नई बलेनो कार
- कुल छह मोबाइल फोन।
मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्य आरोपी विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की का पहले से कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है। उसके विरुद्ध रांची और बिहार के विभिन्न थानों में कुल नौ कांड दर्ज होने का उल्लेख किया गया है।
इनमें नामकुम थाना कांड संख्या 09/18, कांके थाना के विभिन्न मामले, ओरमांझी थाना कांड संख्या 19/23 तथा बिहार के मुंगेर जिले के नया रामनगर और हवेली खड़गपुर थाना के मामले शामिल हैं।
इन मामलों में भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट और उत्पाद अधिनियम से संबंधित धाराएं भी दर्ज हैं।
वहीं, गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके विरुद्ध बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना में वर्ष 2022 में उत्पाद अधिनियम और भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
रांची पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और धोखाधड़ी से हासिल की गई अन्य गाड़ियों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने वाहन मालिक इस गिरोह की ठगी का शिकार हुए हैं और किन-किन लोगों के पास गाड़ियां बंधक रखी गई हैं।
द रांची न्यूज़ स्कोप की विशेष रिपोर्ट
इस कार्रवाई से वाहन किराये पर देने के नाम पर चल रहे संगठित धोखाधड़ी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। वाहन मालिकों के लिए भी यह मामला सतर्क रहने का संदेश है। किसी भी ट्रैवल्स एजेंसी या व्यक्ति को वाहन देने से पहले उसकी विश्वसनीयता, कार्यालय, दस्तावेज और एग्रीमेंट की पूरी जांच करना जरूरी है।








