गुमला, 29 अक्टूबर 2026। झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए AK-56 राइफल, कारबाइन, मैगजीन और बड़ी संख्या में गोलियां बरामद की हैं। इस मामले में पुलिस ने लेकोटोली गांव निवासी राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया है। वहीं, नामजद आरोपी रोहित कुमार शर्मा और उसके साथ मौजूद अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को गुमला के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सिसई थाना क्षेत्र के रोहित शर्मा अपने चार-पांच साथियों के साथ लेकोटोली गांव निवासी राजेन्द्र यादव के घर आया है। सूचना में बताया गया था कि इन लोगों के पास बड़ी संख्या में अवैध घातक हथियार हैं और वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।
पुलिस को देखते ही कार से उतरकर भागे संदिग्ध
सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम 27 अक्टूबर की रात करीब 10:45 बजे लेकोटोली गांव के पास पहुंची। इसी दौरान रास्ते में लाल रंग की वैगनआर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AA-9378) खड़ी मिली, जिसमें चार से पांच लोग सवार थे।
पुलिस वाहन को देखते ही कार में सवार सभी लोग उतरकर इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन रात के अंधेरे और जंगल-झाड़ियों का फायदा उठाकर वे फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस ने कार की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से देशी कारबाइन, 9 एमएम की गोलियां, AK-56 की मैगजीन सहित अन्य सामान बरामद किए गए।
आरोपी की निशानदेही पर AK-56 राइफल बरामद
पुलिस ने 28 अक्टूबर को इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान लेकोटोली गांव निवासी राजेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर AK-56 राइफल और गोलियां बरामद की गईं।
पुलिस ने इस मामले में रोहित कुमार शर्मा, निवासी ग्राम छारदा, थाना सिसई, को नामजद आरोपी बनाया है। इसके अलावा दो से तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
ये हथियार और सामान हुए बरामद
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान निम्नलिखित सामान बरामद किए गए हैं:
- लोहे की बनी कारबाइन, मैगजीन सहित — 1
- 9 एमएम के जिंदा कारतूस — 2
- AK-56 राइफल — 1
- AK-56 की मैगजीन — 2
- 7.62 एमएम के कारतूस — 34
- दुर्गा पूजा से संबंधित चंदा पर्चा — 1
- मोबाइल फोन — 2
- लकड़ी एवं लोहे से बना धारदार फरसा — 1
SDPO के नेतृत्व में गठित हुई थी छापेमारी टीम
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव, पुलिस अंचल निरीक्षक विनय कुमार, भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिनंदन कुमार, मंटु चौधरी, सहायक अवर निरीक्षक अमोद कुमार सिंह सहित भरनो थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश और बरामद हथियारों से संबंधित तथ्यों की पड़ताल जारी है।
द राँची न्यूज़ स्कोप | खबर ही खबर





