पेयजल योजनाओं में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, 90 दिनों में पूरे होंगे रॉ और क्लीन वाटर राइजिंग के कार्य

SHARE:

गिरिडीह/रांची, 29 अक्टूबर 2026। झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने गुरुवार को गिरिडीह समाहरणालय में गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिलों में जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल एवं स्वच्छता योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, सिंगल विलेज स्कीम (SVS), रॉ वाटर राइजिंग, क्लीन वाटर राइजिंग और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में देरी, बंद पड़ी योजनाओं और भुगतान के बावजूद कार्यों का सुचारु संचालन नहीं होने के मामलों को गंभीरता से लिया गया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि आम जनता को पेयजल उपलब्ध कराने से जुड़ी योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया।

SVS योजनाओं की होगी जांच, 15 दिनों में रिपोर्ट देने का निर्देश

सिंगल विलेज स्कीम (SVS) के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए मंत्री ने राज्य और जिला स्तर पर कमिटी गठित करने का निर्देश दिया। संयुक्त कमिटी योजनाओं का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, वर्तमान स्थिति और क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जांच करेगी।

कमिटी को 15 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर योजनाओं की कमियों को दूर करने और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

90 दिनों में पूरे होंगे रॉ और क्लीन वाटर राइजिंग के कार्य

बैठक में रॉ वाटर राइजिंग एवं क्लीन वाटर राइजिंग से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने इन्हें अगले 90 दिनों के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को पर्याप्त संसाधन एवं कार्यबल उपलब्ध कराने के साथ कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री ने जोर दिया कि पेयजलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए इन कार्यों का समय पर पूरा होना जरूरी है। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा किया जाए।

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और पेयजल संरचनाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सहित पेयजलापूर्ति से जुड़ी अन्य आधारभूत संरचनाओं की निर्माण स्थिति, कार्यशीलता और संचालन से संबंधित जानकारी ली गई। विभागीय सचिव अबु इमरान ने निर्देश दिया कि इन संरचनाओं का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

जहां निर्माण कार्य अधूरे हैं या योजनाओं का संचालन प्रभावित है, वहां समस्याओं की पहचान कर समयबद्ध समाधान किया जाए। साथ ही, योजनाओं की नियमित निगरानी और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच पर विशेष जोर दिया गया, ताकि आम लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध हो सके।

लापरवाह संवेदकों को जारी होगा लीगल नोटिस

समीक्षा के दौरान बंद पड़ी योजनाओं और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा नहीं करने वाले संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। विभागीय सचिव ने कहा कि सरकारी योजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखना गंभीर मामला है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

जिन संवेदकों ने निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं किया है या जिनकी योजनाएं बंद पड़ी हैं, उन्हें नियमानुसार लीगल नोटिस जारी करने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। संविदा की शर्तों और लागू प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।

लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई

अभियान निदेशक शशि रंजन ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि योजनाओं में अनावश्यक विलंब या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और संवेदकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को कार्यों की अद्यतन स्थिति पर लगातार नजर रखने, संवेदकों की जवाबदेही निर्धारित करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का समय पर समाधान करने को कहा गया।

आम जनता को समय पर पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की योजनाएं सीधे आम जनता की बुनियादी जरूरतों से जुड़ी हैं। इसलिए इनका समय पर पूरा होना और लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों एवं संवेदकों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा, जब उनका क्रियान्वयन समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से होगा। उन्होंने पेयजलापूर्ति से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा के माध्यम से जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में कई वरीय अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान, अभियान निदेशक शशि रंजन, गिरिडीह के उपायुक्त, बोकारो के उप विकास आयुक्त रामनिवास यादव, धनबाद की नगर आयुक्त शताब्दी मजूमदार, विभाग के प्रमुख अभियंता आशीष गंगवार, मंत्री के ओएसडी सहित गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिलों के वरीय पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं संबंधित संवेदक उपस्थित थे।

द राँची न्यूज़ स्कोप | खबर ही खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *