रांची, 28 अक्टूबर 2026। झारखंड भवन उपविधि, 2016 के प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए रांची नगर निगम ने अवैध निर्माण और भवनों के अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को मोरहाबादी क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन से संबंधित मामलों में कुल 15 भवनों एवं प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया।
नगर निगम की टीम ने रजिस्ट्री ऑफिस से मान्या पैलेस तक विभिन्न भवनों और प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान स्वीकृत भवन नक्शे, निर्माण की वास्तविक स्थिति, भवनों के उपयोग तथा संभावित अवैध संरचनाओं का निरीक्षण किया गया।
नक्शे से विचलन और अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग पर नजर
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत भवन प्लान के निर्माण करना, स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण करना और आवश्यक अनुमति के बिना आवासीय भवनों का व्यावसायिक उपयोग करना नियमों का उल्लंघन है।
नगर निगम के अनुसार, भवन निर्माण और उसके उपयोग में निर्धारित नियमों का पालन करना भवन मालिकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों की जिम्मेदारी है। जांच अभियान का उद्देश्य भवन उपविधियों के अनुपालन को सुनिश्चित करना और अनधिकृत निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई करना है।
तीन दिनों के भीतर जमा करने होंगे दस्तावेज
नोटिस प्राप्त करने वाले भवन मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों को पत्र प्राप्त होने की तारीख से तीन दिनों के भीतर स्वीकृत भवन प्लान और संबंधित वैधानिक दस्तावेज नगर निगम में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने या निर्देशों का अनुपालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित भवनों को सील करने सहित झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 और झारखंड भवन उपविधि, 2016 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की जा सकती है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी दिया गया हवाला
नगर निगम ने अपने निर्देश में माननीय सर्वोच्च न्यायालय के सिविल अपील संख्या 14605/2024 में 17 दिसंबर 2024 को पारित आदेश के कंडिका-20 का भी उल्लेख किया है। निगम ने स्वीकृत भवन प्लान के उल्लंघन और अनधिकृत निर्माण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया है।
भवन मालिकों से नियमों के पालन की अपील
रांची नगर निगम ने सभी भवन मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे भवन निर्माण, स्वीकृत नक्शे और भवन के उपयोग से संबंधित सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस जांच अभियान में सहायक नगर निवेशक, कनीय अभियंता सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
The Ranchi News Scope | खबर ही खबर





