रांची, 13 अक्टूबर 2026। नशामुक्त झारखंड के निर्माण के लिए नशे की रोकथाम, व्यवहार परिवर्तन और सामुदायिक भागीदारी को जनआंदोलन का स्वरूप देना होगा। नशे की चुनौती केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि युवाओं, परिवारों और समाज के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। नशामुक्ति अभियान की सफलता इस बात से मापी जानी चाहिए कि कितने लोगों को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया गया और उनके जीवन में कितना सकारात्मक बदलाव आया।
ये बातें स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव श्री उमाशंकर सिंह ने मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित एमडीआई बिल्डिंग में आयोजित राज्यस्तरीय परामर्श कार्यशाला में कहीं। उन्होंने कहा कि नशा रोकथाम को पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, समुदायों और विभिन्न विभागों की साझा जिम्मेदारी बनाना आवश्यक है, ताकि जमीनी स्तर पर प्रभावी बदलाव लाया जा सके।
नशा रोकथाम में परिवार और समुदाय की अहम भूमिका
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार झारखंड सरकार के महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की ओर से “Reimagining Prevention and Drug Demand Reduction in India” विषय पर राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य नशीले पदार्थों की मांग में कमी लाने तथा रोकथाम आधारित रणनीतियों को मजबूत करना था।
कार्यशाला में सामाजिक कल्याण निदेशक श्रीमती किरण कुमारी पासी ने कहा कि नशे की रोकथाम में परिवार और समुदाय की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। समय पर सही जानकारी, उचित मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराकर युवाओं को नशे की चपेट में आने से बचाया जा सकता है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों, सहिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और युवा संगठनों को नशा रोकथाम, प्रारंभिक पहचान, परामर्श और सामुदायिक जागरूकता के लिए सशक्त बनाने पर जोर दिया।
साक्ष्य आधारित और समुदाय केंद्रित रणनीति पर चर्चा
कार्यशाला में विभिन्न विभागों, विकास सहयोगी संस्थाओं और विशेषज्ञों ने साक्ष्य आधारित, परिणामोन्मुखी एवं समुदाय केंद्रित नशा रोकथाम मॉडल पर विचार-विमर्श किया। जिला, प्रखंड और ग्राम स्तर पर समन्वित कार्ययोजना विकसित करने के साथ रोकथाम, परामर्श, उपचार, पुनर्वास और सामाजिक पुनर्समेकन की सेवाओं को एकीकृत रूप से लागू करने की आवश्यकता रेखांकित की गई।
इस दौरान पंचायती राज, नगर विकास, गृह विभाग के नारकोटिक्स प्रकोष्ठ, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, आईसीपीएस तथा जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार साझा किए। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सामाजिक समावेशन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय को आवश्यक बताया।
हेल्पलाइन और पुनर्वास सेवाओं के प्रचार पर जोर
कार्यशाला में नशामुक्त हेल्पलाइन 14446 तथा उपलब्ध परामर्श, उपचार और पुनर्वास सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया गया, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
कार्यशाला के समापन पर झारखंड में नशीले पदार्थों की मांग में कमी लाने के लिए राज्य की प्रतिबद्धता के अनुरूप एक कार्ययोजना तैयार की गई। इस कार्ययोजना को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार को प्रेषित किया जाएगा।





