रांची, 5 अक्टूबर 2026। अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) की रांची महानगर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कॉलेजों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को आजसू के प्रधान कार्यालय, हरमू, रांची में आयोजित हुई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र को लेकर संगठन को मजबूत करने तथा छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि रांची महानगर के अंतर्गत आने वाले सभी कॉलेजों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न कॉलेजों में आजसू छात्र संघ की कमेटियों का पुनर्गठन कर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
बैठक में रांची विश्वविद्यालय मुख्यालय मार्च आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। मार्च के माध्यम से विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रहित के विभिन्न मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और छात्रों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।
इस अवसर पर मोहन रविदास को रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय इकाई का अध्यक्ष तथा रोशनी मुंडा को रांची महानगर छात्र संघ का उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सदस्यता अभियान और कॉलेज कमेटियों के पुनर्गठन को लेकर आवश्यक तैयारियां शुरू करने पर सहमति जताई। संगठन की ओर से कहा गया कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए विश्वविद्यालय एवं कॉलेज स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को लगातार गति दी जाएगी।
बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो, प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष ऋतुराज शाहदेव, प्रदेश सचिव राजेश सिंह, रोशन नायक, सक्षम झा, महानगर अध्यक्ष अमन साहू, अभित कुमार, यश सोनी, खुशबू कुमारी, निशांत लिंडा, ऋषभ कुमार, राहुल यादव, अंकित, पंकज, धीरज, ऋषि सहित विभिन्न कॉलेजों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र प्रतिनिधि उपस्थित थे।








