रांची। राजधानी रांची में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात कोढ़ा गैंग के तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधकर्मियों ने रांची जिले में करीब एक दर्जन चेन छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पूछताछ में इनके द्वारा हथियारों का इस्तेमाल कर लोगों में भय पैदा करने की बात भी सामने आई है।
पिछले दिनों रांची शहर में लगातार चेन छिनतई की घटनाओं के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची ने सभी संबंधित कांडों की गहन समीक्षा की थी। इसके बाद सभी थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम लगातार संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी।
इसी क्रम में 03 अक्टूबर 2026 को बरियातू थाना एवं मेसरा ओपी क्षेत्र में हुई चेन छिनतई की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस को कोढ़ा गैंग के तीन अपराधियों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले। लगातार निगरानी के बाद रांची पुलिस ने 04 अक्टूबर 2026 को तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान अपराधियों ने बताया कि रिंग रोड के समीप चुट्टू गांव के आसपास हथियार छिपाकर रखे गए हैं। पुलिस टीम जब हथियार बरामद करने के लिए तीनों अपराधियों को लेकर मौके पर जा रही थी, तभी गिरफ्तार अपराधी आकाश यादव उर्फ रंगीला ने बरियातू थाना के हवलदार रविन्द्र कुमार से पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, स्थिति को देखते हुए बरियातू थाना प्रभारी ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें आकाश यादव उर्फ रंगीला के पैर में गोली लगी। वहीं, पुलिस टीम ने पीछा कर उसके दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। घायल अपराधी को इलाज के लिए रिम्स, रांची भेजा गया है।
पुलिस ने अन्य गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर हथियार भी बरामद किए हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
40 से अधिक मामलों में दर्ज हैं मामले
रांची पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आया है कि तीनों अपराधी कुख्यात कोढ़ा गैंग से जुड़े हैं। इनके खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी और छिनतई सहित 40 से अधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, रांची के अलावा इन अपराधियों ने हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद में भी चेन छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया है।
पुलिस टीम ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलों के साथ छिनी गई चार पूरी सोने की चेन और एक आधी चेन भी बरामद की है।
गिरफ्तार अपराधी
1. आकाश यादव उर्फ रंगीला
पिता – नथु यादव
पता – नयाटोली जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार
2. अमन कुमार यादव
पिता – स्व. महेश यादव
3. कार्तिक यादव उर्फ दिनेश
पिता – तेजा यादव
पता – नयाटोली जुराबगंज, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार
बरामदगी
- होंडा शाइन बाइक – 01
- पल्सर बाइक – 01
- देशी कट्टा – 01
- कारतूस – 01
- सोने की छीनी गई चेन – 04
- आधी सोने की चेन – 01
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है तथा अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस टीम को उम्मीद है कि पूछताछ के बाद चेन छिनतई की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।








