रांची, 26 सितंबर 2026। रांची जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों में प्रभावित परिवारों तक तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में कोकर क्षेत्र निवासी राहुल पासवान का घर भारी बारिश के कारण गिर गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावित परिवार को राहत सामग्री उपलब्ध कराई।
जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी द्वारा परिवार तक चावल, गेहूं, तेल, नमक, दाल सहित आवश्यक खाद्य सामग्री पहुंचाई गई। इससे प्रभावित परिवार को आपदा की स्थिति में भोजन एवं राशन की तत्काल जरूरतों में सहायता मिली।
उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी को निर्देश दिया है कि आपदा राहत के प्रावधानों के तहत घटना का शीघ्र आकलन कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए तथा नियमानुसार प्रभावित परिवार को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से लगातार हो रही बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति या बारिश से हुई क्षति की सूचना तत्काल जिला प्रशासन अथवा संबंधित प्रखंड/अंचल कार्यालय को देने की अपील की गई है, ताकि जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।





