रांची। शहर में लगातार सामने आ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और पूर्व में घटित मामलों के त्वरित उद्भेदन को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पुलिस अधिकारियों एवं सभी थाना प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक यातायात, सहायक पुलिस अधीक्षक कोतवाली, प्रोबेशनर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक नगर, पुलिस उपाधीक्षक सदर समेत सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में चेन स्नेचिंग की घटनाओं के पैटर्न, अपराधियों के संभावित आवागमन मार्ग, संवेदनशील स्थानों और तकनीकी साक्ष्यों की समीक्षा की गई। अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हॉटस्पॉट एवं संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर नियमित पुलिस गश्ती के साथ सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों को पूर्व में हुई चेन स्नेचिंग की घटनाओं का केसवार और स्थानवार विश्लेषण करने तथा अपराधियों के संभावित रूट और एग्जिट प्वाइंट की पहचान करने को कहा गया। घटनास्थल एवं संभावित मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज का व्यवस्थित विश्लेषण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में CCTV कैमरे उपलब्ध नहीं हैं, वहां स्थानीय स्तर पर CCTV लगाने को प्रोत्साहित करने की बात कही गई।
अपराधियों के संभावित मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती और वाहन जांच बढ़ाने के साथ आवश्यकता के अनुसार विशेष बल की प्रतिनियुक्ति भी की जाएगी। वहीं, चेन स्नेचिंग की घटनाओं के त्वरित उद्भेदन के लिए SIT का गठन किया गया है।
बैठक में टेक्निकल सेल को CCTV फुटेज, मोबाइल एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर अपराधियों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। पूर्व में चेन स्नेचिंग या समान प्रकृति के अपराधों में संलिप्त रहे अपराधियों की प्रोफाइलिंग और सत्यापन भी किया जा रहा है। जेल से बाहर आए ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के बाजार, चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और महिलाओं की अधिक आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रभावी गश्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चेन स्नेचिंग की रोकथाम के लिए फील्ड पुलिसिंग, तकनीकी निगरानी और पूर्व अपराधियों के सत्यापन को एकीकृत करते हुए कार्ययोजना के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही पूर्व में घटित मामलों का शीघ्र उद्भेदन कर संलिप्त अपराधियों एवं उनके नेटवर्क के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।





