रांची, 19 सितंबर 2026: जगरनाथपुर थाना पुलिस ने बिरसा चौक स्थित इंडियन ऑयल इन्द्रप्रस्थ पेट्रोल पंप के आसपास हथियार के साथ कथित रूप से किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोलियां बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:50 बजे सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल सवार तीन व्यक्ति हथियार के साथ पेट्रोल पंप के आसपास मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल छापेमारी टीम गठित कर कार्रवाई की गई। मौके पर लाल-काले रंग की पल्सर 220 मोटरसाइकिल पर सवार तीनों लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा, संदीप कुमार प्रसाद उर्फ ढ़ाबुस और रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है। तीनों रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
बरामद हथियार और सामान
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से:
* देशी पिस्टल — 1
* खाली मैगजीन — 1
* देशी कट्टा — 1
* जिंदा गोली — 2
* लाल-काले रंग की पल्सर 220 मोटरसाइकिल — 1
बरामद की गई।
इस मामले में जगरनाथपुर थाना कांड संख्या 281/26, दिनांक 19 सितंबर 2026, धारा 25(1-बी)(ए)/26(1)/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपियों का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज रहे हैं। इनमें हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, मारपीट, चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं।
आकाश कुमार वर्मा उर्फ शिवा वर्मा के खिलाफ पुलिस ने सुखदेवनगर थाना में पांच पूर्व कांड, संदीप कुमार प्रसाद उर्फ ढ़ाबुस के खिलाफ चार कांड और रोहित कुमार सिंह के खिलाफ चार पूर्व कांड दर्ज होने की जानकारी दी है।
छापेमारी टीम
कार्रवाई में जगरनाथपुर थाना के पु०अ०नि० अशोक प्रसाद, राजीव कुमार रंजन, सत्यवीर, पंकज कुमार, स०अ०नि० रतन लाल हांसदा सहित पुलिसकर्मी बिपिन कुमार सिंह, ठाकुर उरांव, चालक आरक्षी मो. इरफान और गृह रक्षक मो. हुसैन शामिल रहे।






