तिरंगा यात्रा में गूँजा देशभक्ति का भाव

SHARE:

राँची:-सरला बिरला पब्लिक स्कूल तथा सरला बिरला यूनिवर्सिटी, रांची के तत्वाधान में 14 अगस्त 2026 को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं उत्साहपूर्ण तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा राष्ट्र की स्वतंत्रता के 79 गौरवपूर्ण वर्षों की स्मृति को समर्पित थी। इस अवसर पर सरला बिरला पब्लिक स्कूल, सरला बिरला यूनिवर्सिटी, उत्क्रमित विद्यालय तथा महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी, राँची के नर्सिंग विद्यार्थियों ने शिक्षकों के साथ मिलकर राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को अभिव्यक्त किया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे सभी प्रतिभागी उत्साहपूर्वक आरा चैक, राँची की ओर आगे बढ़े। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी उद्घोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो उठा। लहराते हुए तिरंगों की कतारें और प्रतिभागियों के जोशीले स्वर इस यात्रा को राष्ट्रप्रेम तथा सामूहिक एकता के जीवंत उत्सव में परिवर्तित कर रहे थे।

इस अवसर पर राज्यसभा के माननीय सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, प्रदेश संगठन महामन्त्री श्री कर्मवीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. (डॉ.) गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. (डॉ.) सी. जगन्नाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. दांडिन, सरला बिरला पब्लिक स्कूल की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा तथा राँची जिला पूर्वी जिला अध्यक्ष श्री विनय महतो धीरज भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों के साथ आए शिक्षकों ने भी तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए माननीय राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की ’एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक’ है। देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। ’हर घर तिरंगा’ और तिरंगा यात्रा जैसे कार्यक्रम युवाओं एवं समाज में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करते हैं।’ उन्होंने सभी से देश की एकता, अखंडता और संविधान के मूल्यों की रक्षा करते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री कर्मवीर सिंह ने तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य केवल तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि हर नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति, देश के प्रति कर्तव्य और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना’ है। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करने तथा ’एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों एवं नागरिकों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखने का संकल्प दिलाया।

साहस और बलिदान, शांति और सत्य तथा आस्था और प्रगति का गहन संदेश देने वाला तिरंगा इस पूरे आयोजन के केंद्र में रहा। यह यात्रा उन वीरों के त्याग और बलिदान की सशक्त स्मृति थी जिनके संघर्ष से भारत ने स्वतंत्रता प्राप्त की। साथ ही, इसने प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक आदर्शों की रक्षा के अपने दायित्व का स्मरण कराया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *